
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बीजेपी नीत केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ‘‘नियंत्रित’’ होने का आरोप लगाया। टीएमसी प्रमुख ने पाकिस्तान के साथ हालिया तनाव के दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने में सरकार की विफलता पर भी सवाल उठाया।
कोलकाता में एस्प्लेनेड में तृणमूल कांग्रेस की वार्षिक शहीद दिवस रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने पहलगाम आतंकवादी हमले और उसके बाद चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र किया। ममता ने कहा, "आपका नियंत्रण अमेरिकी राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) के हाथों में है और आप हमें उपदेश देने की जुर्रत कर रहे हैं? आप (केंद्र सरकार) उनके (अमेरिकी राष्ट्रपति) आदेशों का पालन कर रहे हैं।"
ममता की टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा लगातार किए जा रहे उस विवादास्पद दावे की ओर इशारा करती प्रतीत होती है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को व्यापार बंद करने की धमकी देकर नयी दिल्ली को इस्लामाबाद के साथ संघर्ष-विराम के लिए राजी किया। हालांकि, भारतीय अधिकारियों ने सैन्य संघर्ष रोकने में किसी भी तीसरे पक्ष की संलिप्तता से लगातार इनकार किया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए