
महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार देर रात एक रिहायशी इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। नालासोपारा-वसई लिंक रोड पर स्थित इम्पीरियल हाइट्स नाम की 14 मंजिला इमारत में लगी आग के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। दमकल विभाग की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
वसई-विरार शहर महानगरपालिका (वीवीएमसी) के दमकल विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 12:10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया। इमारत में धुआं भर जाने के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के तौर पर हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की मौत आग से निकले घने धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर इसकी जानकारी दी है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
वहीं, हादसे में 6 अन्य लोगों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
आग और धुएं से बचने के लिए इमारत में मौजूद चार लोग बाहर की ओर बने एक छोटे से हिस्से पर जाकर फंस गए। वे करीब 45 मिनट तक वहीं फंसे रहे। आग और घने धुएं के कारण उनके लिए नीचे उतरना संभव नहीं हो पा रहा था।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने बड़ी क्रेन की सहायता से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही इमारत के अन्य हिस्सों में फंसे लोगों को निकालने का अभियान भी जारी रहा। दमकलकर्मियों की कोशिशों से कुल 25 लोगों की जान बचाई जा सकी।
आग बुझाने और राहत-बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग की सात गाड़ियों को तैनात किया गया था। टीमों ने पूरी रात अभियान चलाया। अधिकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7:20 बजे आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पूर्व महापौर रूपेश जाधव ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए