हालात

बिहार में BPSC AEDO परीक्षा में धांधली का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मोबाइल से मिले अहम डिजिटल सबूत

अतुल राज पांडेय को कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात किया गया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

बिहार में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। अप्रैल 2026 में आयोजित BPSC की AEDO परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में EOU ने पटना से बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, अतुल एक सक्रिय सॉल्वर गैंग के संपर्क में था और परीक्षा में धांधली की साजिश में उसकी अहम भूमिका थी।

अतुल राज पांडेय को कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात किया गया था। EOU की जांच में आरोप है कि इसी दौरान उसने परीक्षा में गड़बड़ी करने और कई केंद्रों को प्रभावित करने की योजना में सहयोग किया।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल सबूत

मामले की जांच के दौरान अतुल की सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल फोन से परीक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले। इसके अलावा परीक्षा केंद्र से अतुल का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था। दोनों से मिले डेटा और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद एजेंसी को अतुल की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

जांच उस समय आगे बढ़ी जब पटना के एएन कॉलेज परीक्षा भवन में परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमीट्रिक कर्मी अंशुप्रिया द्वारा कथित तौर पर उत्तर पुर्जा देते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद पूछताछ और जांच का दायरा बढ़ा और अतुल राज पांडेय का नाम भी सामने आया।

कई परीक्षा केंद्रों को मैनेज करने की थी साजिश

EOU के अनुसार, अप्रैल 2026 में आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षाओं के दौरान कई परीक्षा केंद्रों को प्रभावित करने की साजिश रची गई थी।

जांच एजेंसी का दावा है कि अतुल इस नेटवर्क का हिस्सा था और परीक्षा केंद्रों को मैनेज करने की योजना में शामिल था। बड़े स्तर पर कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद BPSC ने दोनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अतुल ने सॉल्वर गैंग से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। EOU अब इन नामों और उनकी भूमिका की पुष्टि करने में जुटी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए