हालात

मोदी और अमित शाह देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे, आगे की पीढ़ी के लिए कुछ नहीं छोड़ेंगेः खड़गे

खड़गे ने 1958 की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि आज हजारों बच्चे मर रहे हैं, गोलियां खा रहे हैं और बच्चियों को सड़क पर घसीटा जा रहा है, लेकिन मोदी सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। यही कांग्रेस और बीजेपी में फर्क है।

मोदी और अमित शाह देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे, आगे की पीढ़ी के लिए कुछ नहीं छोड़ेंगेः खड़गे
मोदी और अमित शाह देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे, आगे की पीढ़ी के लिए कुछ नहीं छोड़ेंगेः खड़गे फोटोः @INCIndia

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को रचनात्मक कांग्रेस के अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि बीजेपी के दोनों नेता देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार संसद में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और जवाब के लिए तैयार नहीं हुई, जबकि विपक्ष लगातार इस मांग को उठा रहा था।

खड़गे ने पार्टी के प्रकोष्ठ ‘रचनात्मक कांग्रेस’ के अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद देश के निर्माण में कांग्रेस और उसके नेताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का आरोप लगाया।

खड़गे ने बताया कांग्रेस और बीजेपी में फर्क

खड़गे ने दिल्ली में 23 अप्रैल, 1958 को दो बच्चों की हादसे में मौत का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने घटना का संज्ञान लिया था और तब विपक्ष में रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में स्थगन प्रस्ताव दिया था, जिस पर सदन में चर्चा हुई और सरकार ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘आज हजारों बच्चे मर रहे हैं, गोलियां खा रहे हैं और बच्चियों को सड़क पर घसीटा जा रहा है, लेकिन मोदी सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। यही कांग्रेस और बीजेपी में फर्क है।’’

मोदी और शाह देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संसद के बीते मानसून सत्र के दौरान करीब 20 दिन तक सदन में नहीं आए और बाहर यह कहते रहे कि वे चर्चा के लिए तैयार हैं। शाह के एक बयान का हवाला देते हुए खड़गे ने सवाल किया, ‘‘क्या आपको संसद में अपने कक्ष में बैठने के लिए गृह मंत्री बनाया गया है?’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी और अमित शाह देश को बर्बाद करके छोड़ेंगे और आगे की पीढ़ी के लिए कुछ नहीं रखेंगे।’’

खड़गे ने कहा कि देश की आजादी के लिए लड़ने और देश के निर्माण में योगदान देने वाले जवाहरलाल नेहरू के बारे में प्रधानमंत्री मोदी बात नहीं करते। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर भी नेहरू की आलोचना करने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग नेहरू के समय पैदा भी नहीं हुए थे, उन्हें अपने माता-पिता से उनके बारे में पूछना चाहिए।

इसे भी पढ़ेंः पहली बार किसी सरकार को इतना डरा-सहमा देखा, 15 दिनों तक सदन से गायब रहे पीएम और गृह मंत्री: गौरव गोगोई

सिर्फ मोदी भक्त होने से कोई फायदा नहीं

खड़गे ने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके लोग ‘‘देश को हमेशा गुलामी में रखना चाहते थे’’ और लोगों को यह जानना चाहिए कि देश का निर्माण किसने किया और ‘‘कौन देश को बर्बाद कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि टेलीविजन पर पान मसाला, तेल और कई अन्य उत्पादों के विज्ञापन दिखाए जाते हैं, जबकि देश के अच्छे कामों, आजादी के नायकों और उनके विचारों का प्रचार किया जाना चाहिए, ताकि देशभक्त युवा तैयार हों। उन्होंने कहा, ‘‘सिर्फ मोदी भक्त होने से कोई फायदा नहीं है।’’

आरएसएस और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू

खड़गे ने आरोप लगाया कि आरएसएस और बीजेपी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और दोनों मिलकर लोगों को धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘संघ कहता है कि वह सामाजिक सेवा और लोगों की सेवा में लगा है, लेकिन यह नहीं बताता कि उसके लोग राम मंदिर जाकर मेवा भी खाते हैं।’’ खड़गे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से देश के निर्माण में पार्टी के योगदान को लोगों तक पहुंचाने और उसके विचारों को मजबूत करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ेंः उत्तराखंड: हल्द्वानी में खड़गे की रैली के बाद 'शुद्धिकरण' यज्ञ, कांग्रेस बोली- ये दलित विरोधी मानसिकता का प्रतीक

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए