हालात

‘मेरा फोन टैप करवा रहे मोदी', राहुल गांधी का प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप, कहा- मेरे फोन में सभी आरोपों के सबूत

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप करवाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी का दावा है कि उनके फोन में उनके सभी आरोपों को साबित करने वाले अहम सबूत मौजूद हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना फोन टैप करवाने का आरोप लगाया है।

  • राहुल गांधी का दावा है कि उनके फोन में ऐसे सबूत और अहम जानकारियां मौजूद हैं, जो उनके आरोपों को साबित कर सकती हैं।

  • उन्होंने कहा कि आमने-सामने खुली बहस होने पर विदेशी ताकतों के प्रभाव और देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनके फोन की निगरानी करवाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उनके पास इस आरोप को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

साझा किए गए एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि उनके फोन में कई ऐसी जानकारियां और दस्तावेज मौजूद हैं, जो उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी उनके फोन की टैपिंग करवा रहे हैं।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने खुली बहस होती है, तो कई अहम मुद्दे सामने आ सकते हैं। उनके मुताबिक, ऐसी चर्चा से यह भी स्पष्ट हो सकता है कि विदेशी ताकतों के प्रभाव में कौन काम कर रहा है और देशविरोधी गतिविधियों से किसका संबंध है। हालांकि, ये सभी राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप हैं।

'आस्क मी एनीथिंग' सेशन में क्या बोले राहुल

इसके अलावा, इंस्टाग्राम पर आयोजित 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन में एक यूजर ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जब बीजेपी संसद में बहस के लिए तैयार है, तो वे सार्वजनिक मंच पर चर्चा करने की मांग क्यों कर रहे हैं?

इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि संसद में उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सदन में कई बार उनका माइक बंद कर दिया जाता है, जिसके कारण वे अपनी बात पूरी तरह नहीं रख पाते।

राहुल गांधी की चुनौती स्वीकार करेंगे पीएम मोदी?

इससे पहले कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे। उन्होंने कहा कि वह भाषण के बजाय दोनों नेताओं के बीच सीधी और खुली चर्चा चाहते हैं। राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सत्र में कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ आमने-सामने बैठकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने बहस के लिए एक प्रारूप का सुझाव देते हुए कहा कि बीच में एक मेज होगी, एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी बैठेंगे और दूसरी तरफ वह स्वयं बैठेंगे।

उन्होंने कहा, ''नरेन्द्र मोदी ने मेरे ऊपर आरोप लगाया है और मैं उन पर आरोप लगा रहा हूं। इसलिए मैं कह रहा हूं कि वह सामने आएं और बहस करें।''

संसद में बोलने नहीं दिया जाता- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने तंज भरे लहजे में कहा कि अगर प्रधानमंत्री इस बहस के लिए उद्योगपति गौतम अडानी को या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाना चाहते हैं तो उन्हें इससे भी कोई आपत्ति नहीं है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह संसद में भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाता। उनका आरोप है कि संसद में बोलने के दौरान उनका माइक बंद कर दिया जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें चीन के मुद्दे और पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की पुस्तक से जुड़े विषयों पर भी बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह प्रधानमंत्री के साथ भाषणों के जरिये नहीं, बल्कि आमने-सामने बैठकर बहस करना चाहते हैं। राहुल गांधी ने दावा किया, ''मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।''

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए