हालात

मौसम अपडेट: मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, यूपी-बिहार, दिल्ली-राजस्थान समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ी है। IMD ने यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 80 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर 

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मिजोरम समेत देश के 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

Published: undefined

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक लू चलने का खतरा बना रहेगा। IMD ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 20 जून तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह भी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 16 से 21 जून के बीच बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Published: undefined

दिल्ली-यूपी में मौसम बदलेगा, कई जिलों में बारिश की संभावना

दिल्ली में सोमवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। IMD ने 16 जून को राजधानी में धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 16 जून के बाद बारिश की संभावना कम रहेगी, लेकिन आंधी का दौर जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में 16 जून को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 17 जून को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 18 जून को पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है, जबकि 19 जून को पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है।

Published: undefined

बिहार समेत कई राज्यों में बढ़ेगा मॉनसून का असर

बिहार में 16 जून से मॉनसून का प्रभाव और मजबूत होने की संभावना है। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल और भागलपुर में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर कुछ और दिन बना रह सकता है। इस दौरान उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 जून को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 19 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में खराब मौसम रहने का अनुमान है, जबकि अररिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में 16 जून को पश्चिमी क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जबकि झोंकों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 19 से 21 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 16 से 21 जून तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 18 और 19 जून को आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तराखंड में 16 से 21 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 19 जून को गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर में 16 और 17 जून को बारिश की संभावना है। इसके बाद 18 से 21 जून तक व्यापक वर्षा हो सकती है। 18 और 19 जून को कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।  

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined