
मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह कुर्ला पश्चिम के अशोक नगर इलाके में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। टेकड़ी क्रमांक 3 पर पहाड़ का एक हिस्सा चॉल के 2 से 3 घरों पर जा गिरा। प्रशासन ने हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों का कुर्ला भाभा अस्पताल में इलाज चल रहा है और सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 3 बजे से 3:45 बजे के बीच हुआ। लगातार बारिश के दौरान अचानक पहाड़ का कुछ हिस्सा टूटकर चॉल के घरों पर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही बीएमसी के अधिकारी-कर्मचारी, मुंबई अग्निशमन दल, एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस, एंबुलेंस और दूसरी संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
बचाव अभियान के दौरान घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने से टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। महापौर रितू तावडे ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया।
6 लोगों की मौत, चार घायल; सभी घायलों की हालत स्थिर
राजावाड़ी अस्पताल की सीएमओ डॉ. शीतल राउत के मुताबिक, अस्पताल लाए जाने पर मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), एक अज्ञात व्यक्ति (45), अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) को मृत घोषित किया गया।
वहीं, कुर्ला भाभा अस्पताल के एमएस डॉ. वर्मा ने बताया कि सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, चारों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
महापौर ने प्रभावित परिवारों को मदद का भरोसा दिया
मुंबई की महापौर रितू तावडे ने एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें कुर्ला पश्चिम के अशोक नगर, हिल नंबर 3 पर भूस्खलन की घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।
महापौर ने बताया कि बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस और 108 एंबुलेंस समेत सभी संबंधित विभाग युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बहुत संकरा होने के कारण बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है, लेकिन मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है।
महापौर के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता दी जाएगी। प्रशासन बचाव अभियान पूरा होने तक स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए