हालात

मुजफ्फरपुर PNG पाइपलाइन विस्फोट: तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- सीएम को घटना की जानकारी तक नहीं

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में PNG पाइपलाइन विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत के बाद तेजस्वी यादव ने शोक जताया। उन्होंने बीजेपी की सभा के कारण अग्निशमन वाहन के यातायात में फंसने का आरोप लगाते हुए पार्टी नेताओं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सवाल उठाए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के गोबरसही में PNG पाइपलाइन विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार और बीजेपी पर सवाल उठाए।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मुजफ्फरपुर के गोबरसही में PNG पाइपलाइन विस्फोट की चपेट में आए व्यक्ति की मौत से वह दुखी हैं। उन्होंने ईश्वर से पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

बीजेपी की सभा के कारण फंसा अग्निशमन वाहन?

राजद नेता तेजस्वी यादव ने घटना के दौरान अग्निशमन वाहन के यातायात में फंसे होने को लेकर बीजेपी की सभा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर बीजेपी की एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता भी मौजूद थे।

तेजस्वी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि सभा में मौजूद लोगों को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी मिल गई थी। इसके बावजूद यातायात में फंसे अग्निशमन वाहन को प्राथमिकता देते हुए घटनास्थल तक पहुंचाने का रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया।

तेजस्वी ने कहा- अग्निशमन वाहन को तुरंत मिलना चाहिए था रास्ता

तेजस्वी यादव ने इस स्थिति को अक्षम्य बताते हुए कहा कि ऐसी आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन को तत्काल रास्ता उपलब्ध कराया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भूमिका पर भी उठाए सवाल

विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं है और इसी वजह से उनकी ओर से कोई संवेदना भी व्यक्त नहीं की गई।

तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीति नागरिकों के लिए है, न कि नागरिक राजनीति के लिए। उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देने की जरूरत पर जोर दिया।

नाला निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी PNG पाइपलाइन

गौरतलब है कि सोमवार को मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही इलाके में नाला निर्माण के दौरान PNG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

IANS के इपनुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए