
बिहार के अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल राजगीर में शुक्रवार (6 फरवरी 2026) को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार लोगों के शव बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरीय अधिकारी, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और टेक्निकल यूनिट मौके पर पहुंच गई। यह धर्मशाला पर्यटकों के बीच काफी प्रसिद्ध मानी जाती है, ऐसे में घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
Published: undefined
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को धर्मशाला के एक कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी, तो कर्मचारियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर दो महिलाओं और दो पुरुषों के शव पड़े मिले। सभी शव एक ही कमरे में पाए गए।
Published: undefined
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों मृतक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग करीब एक हफ्ते पहले घूमने के उद्देश्य से राजगीर पहुंचे थे और दिगंबर जैन धर्मशाला में कमरा बुक कराया था। फिलहाल मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है।
Published: undefined
मीडिया रिपोर्ट्स मुताबिक, शुरुआती तौर पर मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और आशंका जताई जा रही है कि चारों ने फांसी लगाकर जान दी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा। फिलहाल किसी भी कारण को लेकर पुलिस आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही है।
Published: undefined
राजगीर थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि धर्मशाला के रजिस्टर को जब्त कर लिया गया है और उसी के आधार पर मृतकों की पहचान की जा रही है। धर्मशाला प्रभारी मुकेश जैन के अनुसार, 31 जनवरी को चार लोग धर्मशाला पहुंचे थे। उन्होंने खुद को नेपाल घूमते हुए राजगीर आने की बात कही थी। इनमें से केवल एक व्यक्ति ने पहचान पत्र दिखाया था।
Published: undefined
धर्मशाला प्रभारी के अनुसार, जिस व्यक्ति ने आधार कार्ड दिखाया था, उस पर नाम जीआर नाग प्रसाद और पता बेंगलुरु दर्ज है। बाकी तीन लोगों ने कोई भी पहचान पत्र जमा नहीं किया था। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से जांच रही है कि बिना पहचान पत्र के तीन लोगों को कमरा कैसे दिया गया।
Published: undefined
पुलिस धर्मशाला के कर्मचारियों से लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। टेक्निकल टीम की मदद से मोबाइल, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। FSL की टीम ने मौके से जरूरी सैंपल भी एकत्र किए हैं।
Published: undefined
फिलहाल यह मामला शुरुआती जांच में है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि किसी भी तरह की सच्चाई सामने लाई जा सके।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined