
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीट और देशभर में अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में मंगलवार को सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने नीट की पुनर्परीक्षा से पहले सरकार द्वारा मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम को ब्लॉक करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार समस्या का मूल समाधान करने की जगह हताशापूर्ण फैसले ले रही है। जैसे, प्रश्न पत्र के वाहन की सुरक्षा में भारतीय वायुसेना को तैनात करना, डिजिटल प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करना और इस पेपर लीक के मामले में मुख्य आरोपी को सुरक्षा प्रदान करना। दुर्भाग्य की बात है कि सिर्फ छोटे मोहरों को ही इस मामले में दबोचा जा रहा है।
Published: undefined
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने एक्स हैंडल पर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने केंद्रीय मंत्री धर्मंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगना चाहिए, जिनकी वजह से करोड़ों युवाओं का भविष्य अधर में है। खड़गे के मुताबिक, पिछले एक साल में पेपर लीक की 90 घटनाएं प्रकाश में आई हैं। इस वजह से 9 करोड़ युवाओं का भविष्य अंधेरे में हैं, जो मौजूदा समय में सरकारी नौकरियों और अन्य उच्चस्तरीय परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
Published: undefined
कांग्रेस अध्यक्ष ने इन घटनाओं की वजह से मानवीय क्षति को भी रेखांकित किया है। उनके मुताबिक, इन घटनाओं की वजह से दर्जनों लोगों ने अपनी हंसती खेलती जिंदगी की बलि चढ़ा दी। साथ ही, उन पैरेंट्स को लेकर भी दुख जाहिर किया, जिन्होंने अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए भारी कर्ज लिया था, ताकि वो आगे चलकर नीट, एसएससी, यूजीसी-नीट और सीयूईटी जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। अफसोस की बात है कि वो सिर्फ अपने बच्चों के ख्वाबों को चकनाचूर होते हुए देख रहे हैं।
Published: undefined
मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाल ही में सीबीएसई रिजल्ट विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि स्थिति ऐसी हो चुकी है कि 17-18 साल के बच्चे भी अब विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे धांधली से भरा हुआ सिस्टम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब स्थिति ऐसी हो चुकी है कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) जैसी परीक्षा भी शक के घेरे में आ चुकी है।
Published: undefined
खड़गे ने धर्मेंद्र प्रधान को इन घटनाओं का जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में भ्रष्टाचार को मिटाने में विफल साबित हुई है। इसी वजह से आज इस तरह की स्थिति पैदा हो चुकी है। मल्लिकार्जुन खड़गे के मुताबिक, आज की तारीख में देश के युवा सिर्फ एक ही मांग कर रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाए। उन्होंने इस बात जोर देते हुए कहा कि सरकार शासन से संबंधित महत्वपूर्ण परीक्षा में विफल साबित हुई है।
Published: undefined