हालात

अमेठी दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी का रोड शो, स्वागत में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने अमेठी में रोड शो किया। इस दौरान जगह-जगहलोगों की भारी भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बीजेपी के लोगों की व्यवधान पैदा करने की कोशिश विफल हो गई।

फोटोः नवजीवन
फोटोः नवजीवन अमेठी में रोड शो के दौरान लोगों से हाथ मिलाते कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 

कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राहुल गांधी ने अमेठी में रोड शो किया। 16 जनवरी को अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक मुंशीगंज चौराहा पहुंचे राहुल गांधी का वहां मौजूद समर्थकों की भारी भीड़ ने स्वागत किया। इसके बाद यहां से राहुल का काफिला अमेठी के चंदौकी के लिए निकला, वहां भी सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

फोटोः नवजीवन

हालांकि, राहुल के रोड शो के पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसमें व्यवधान पैदा करने की जमकर कोशिश की। रोड शो से पहले कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विरोध में नारेबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ता भी बीजेपी के लोगों का जवाब देते हुए बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। जिस वजह से दोनों पक्षों में झड़प होने की भी खबर है।

बताया जा रहा है कि इस दौरान बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पुलिस लाठीचार्ज से कुछ लोग घायल हुए हैं। एक दिन पहले सोमवार को भी अमेठी से कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह की वहां के पुलिस अधिकारियों के साथ नोकझोंक हुई थी।

प्रशासन ने झड़प का बहाना करते हुए राहुल गांधी के रोड शो का रूट डायवर्ट कर दिया। लेकिन गौरीगंज पहुंचने के बाद एमएलसी दीपक सिंह और अन्य स्थानीय नेताओं के कहने पर राहुल वापस गौरीगंज बाजार की तरफ पैदल ही चल पड़े, जहां लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

फोटोः नवजीवन

पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए दीपक सिंह ने आरोप लगाया कि अमेठी में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रशासन ने बीजेपी के साथ मिलकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सलूक किया है, वह बहुत ही निंदनीय है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए