हालात

सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में 1 भारतीय की मौत और दो घायल, दूतावास ने दिया अपडेट

बयान के मुताबिक बुधवार देर रात दम्मम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर फोटो: सोशल मीडिया

  • सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में दो लोगों की मौत

  • मरने वाले लोगों में एक भारतीय शामिल 

  • आठ घायलों में भी दो भारतीय

  • भारतीय पक्ष ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की

सऊदी अरब में बुधवार देर रात दम्माम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक भारतीय नागरिक है, वहीं आठ घायलों में भी दो भारतीय हैं।

भारतीय दूतावास ने घटना के बारे में क्या कहा?

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में से एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। वहीं, दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

GACA ने जारी किया बयान 

इससे पहले देश के राष्ट्रीय उड्डयन नियामक जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

बयान के मुताबिक बुधवार देर रात दम्मम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।

 इसमें आगे घायलों की जानकारी दी गई है। बताया गया है कि इस हमले में 8 लोग घायल हुए हैं। जिनमें एक सऊदी नागरिक, भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो निवासी, और नेपाल का एक निवासी शामिल है। घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोट आई है। फिलहाल, उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा देखभाल दी जा रही है।

अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि वह संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही, यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और देश की नागरिक उड्डयन प्रणाली की सुरक्षा व अखंडता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अथॉरिटी ने यह भी बताया है कि एयरपोर्ट पर कामकाज फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है।

सऊदी में एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर जबरदस्त हमले

बता दें कि सऊदी में बुधवार देर रात एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर जबरदस्त हमले किए गए थे। दम्माम, फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है। यह बहरीन और कतर के नजदीक है।

वहीं, सऊदी की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी अरामको के तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में एक भारतीय समेत 2 लोग घायल हुए। बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को परिवारों के साथ सऊदी अरब छोड़ने को कह दिया है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हूतियों के हमले में एक भारतीय की मौत, दो घायल

  • ,
  • मध्य प्रदेश: मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, जुलूस पर हाईटेंशन लाइन गिरने से दो की मौत, 10 से ज्यादा घायल

  • ,
  • दिल्ली: अंतरराज्यीय हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार, 60 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त

  • ,
  • टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नए खुलासे! दो महिलाओं को पैसे देकर भेजा मुंबई, 20 दिन तक शहर में रहकर रेकी करता रहा आरोपी

  • ,
  • 'अभिव्यक्ति से डरा सत्ताधारी व्यक्ति अपनी ताकत पहले ही खो चुका होता है', बेटे रेहान की प्रदर्शनी से तस्वीरें हटने पर प्रियंका