
बिहार में लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर के बीच रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। पटना-गया रेलखंड पर पुनपुन और परसा बाजार के बीच पुल संख्या-21 पर पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं, कई एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक, पुनपुन-परसा बाजार डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 11/38-32 के बीच स्थित पुल संख्या-21 पर पानी का जलस्तर बढ़ गया है।
इसके चलते इंजीनियरिंग विभाग ने 4 सितंबर की रात करीब 10 बजे से इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।
रेलवे ने सोमवार को चलने वाली 10 मेमू ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। इनमें 63242 गया-पटना, 63244 गया-पटना, 63245 पटना-गया, 63247 पटना-गया, 63248 गया-पटना, 63250 गया-पटना, 63251 पटना-गया, 63253 पटना-गया, 63256 गया-पटना और 63274 पटना-राजगीर मेमू शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, 63248 गया-पटना मेमू के रैक का इस्तेमाल मानपुर प्वाइंट पर किया जाएगा, ताकि राजगीर से चलने वाली 63339 मेमू सेवा संचालित की जा सके।
जलस्तर बढ़ने के कारण सोमवार की 18625 हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को बख्तियारपुर लिंक, राजगीर, तिलैया जंक्शन, पईमार और बंधुआ के रास्ते पटना-गया-कोडरमा मार्ग से चलाया जाएगा।
वहीं, 18626 पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस को इसके विपरीत बंधुआ, पईमार, तिलैया जंक्शन, राजगीर और बख्तियारपुर लिंक के रास्ते चलाया जाएगा।
6 सितंबर की 13329 धनबाद-पटना और 13330 पटना-धनबाद एक्सप्रेस भी निर्धारित मार्ग के बजाय वैकल्पिक रास्ते से चलेंगी।
15137 राजगीर-बनारस एक्सप्रेस को पटना, आरा, बक्सर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाने का फैसला लिया गया है। 15138 बनारस-राजगीर एक्सप्रेस भी विपरीत दिशा में इसी वैकल्पिक मार्ग से चलेगी।
इसके अलावा 63389 पटना-नवादा, 63390 नवादा-पटना, 63391 इस्लामपुर-पटना और 63392 पटना-इस्लामपुर मेमू का भी मार्ग बदला गया है। इन ट्रेनों को फतुहा और दनियावां जंक्शन के रास्ते संचालित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति और बदले हुए मार्ग की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
प्रभावित रेलखंड पर नियमित परिचालन जलस्तर सामान्य होने और इंजीनियरिंग विभाग की अनुमति मिलने के बाद ही बहाल किया जाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए