
बिहार की राजधानी पटना में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा के दिन रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला। परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब उनकी ट्रेन लगातार देर से चल रही थी। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और स्टेशन परिसर में नारेबाजी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और रेलवे पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।
Published: undefined
जानकारी के मुताबिक, बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने लगे थे। पाटलिपुत्र स्टेशन पर भी हजारों छात्र जुटे हुए थे। हालांकि जिस ट्रेन का अभ्यर्थी इंतजार कर रहे थे, उसके लगातार लेट होने से नाराजगी बढ़ती गई और आखिरकार प्रदर्शन शुरू हो गया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध प्रदर्शन के दौरान ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ और कई छात्रों ने ट्रेनों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। प्रशासन के अनुसार, कुछ लोगों ने बार-बार इमरजेंसी चेन भी खींची, जिससे व्यवस्था और बाधित हुई।
Published: undefined
हंगामे की सूचना मिलते ही आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम, एएसपी समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पहले कई घंटों तक छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परीक्षा छूटने की आशंका से नाराज अभ्यर्थी पीछे हटने को तैयार नहीं थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग भी की।
आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि करीब 200-300 छात्र ट्रेन को खुलने नहीं दे रहे थे। उन्हें समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में पथराव शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा में पुलिस को सुरक्षित दिशा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। उनके मुताबिक, यह हंगामा करीब दो से तीन घंटे तक चला। पथराव में कुछ जवान घायल हुए और कई अधिकारियों को भी मामूली चोटें आईं।
Published: undefined
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया कि आधी रात के आसपास हंगामे की सूचना मिली थी। प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बार-बार शांति बनाए रखने और परीक्षा देने वाले अन्य छात्रों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींच रहे थे और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग कर रहे थे, जबकि पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं। इतना ही नहीं, कुछ लोग उन छात्रों को भी रोक रहे थे जो परीक्षा देने के लिए रवाना होना चाहते थे।
डीएम के अनुसार, इन्हीं परिस्थितियों में हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में रेलवे प्रशासन ने तेजी से कदम उठाते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की और अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। प्रशासन का कहना है कि अब स्थिति सामान्य है, ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेल परिचालन भी सामान्य रूप से चल रहा है।
Published: undefined
आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में होने की बात कही है।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined