हालात

बिहार: पटना में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा, भीड़ ने बस समेत 10 वाहन फूंके, ट्रैफिक पोस्ट जलाया

पटना के अगमकुआं में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद हिंसा भड़क गई। भीड़ ने बस समेत 10 वाहन और ट्रैफिक पोस्ट जला दिया, NH-30 पर लंबा जाम लग गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद हिंसा भड़क गई। दरअसल सड़क पार कर रहा मनीष कुमार नाम का युवक बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। भीड़ ने पहले दुर्घटना में शामिल बस को आग के हवाले किया, लेकिन कुछ ही देर में गुस्सा इतना बढ़ गया कि पुलिस के वाहन, बाइक और अन्य गाड़ियां भी भीड़ के निशाने पर आ गईं।

फायर ब्रिगेड को भी नहीं बुझाने दी आग

'दैनिक भास्कर' की रिपोर्ट के मुताबिक, बस में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उसे आग बुझाने नहीं दिया। देखते ही देखते उपद्रव बढ़ता गया। भीड़ ने दो पुलिस गाड़ियों, बसों और बाइक समेत करीब 10 वाहनों में आग लगा दी, जबकि ट्रैफिक पुलिस पोस्ट को भी फूंक दिया। हालात ऐसे बन गए कि नेशनल हाईवे-30 पर लंबा जाम लग गया। आरोप है कि इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई। स्थिति बिगड़ने पर 9 थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

घटनास्थल पर पहुंचे ASP राज कुमार सिंह ने बताया कि मनीष कुमार सड़क पार कर रहे थे, तभी बस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचे, लेकिन इसी बीच भीड़ में कुछ उपद्रवी तत्व भी शामिल हो गए, जिन्होंने बस और पुलिस की गाड़ियों समेत कई वाहनों में आग लगा दी। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनके मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात है।

ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात ASI ने सुनाई पूरी घटना

ट्रैफिक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे ASI एनगन सिंह ने बताया कि पूरी घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और देखते ही देखते वाहनों में आग लगाने लगे। उन्होंने बताया कि उस समय उनके साथ दो थानों के पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन भीड़ लगातार उग्र होती चली गई। हालात ऐसे बन गए कि जान बचाने के लिए उन्हें मौके से हटना पड़ा।

वहीं, ASP राज किशोर सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दी और दुर्घटना में शामिल वाहन में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी भी जला दी गई। उन्होंने बताया कि युवक सड़क पार कर रहा था, तभी एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • 'युवाओं से मिल रही चुनौतियों से मोदी सरकार चिंतित', मोहन भागवत के जेन-जी वाले बयान पर सपा का पलटवार

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ संसद में संग्राम, 'शाह सदन में आओ' के लगे नारे, दोनों सदन पूरे दिन के लिए स्थगित

  • ,
  • असम में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 97 लोगों की मौत, 15 जिलों में 1.68 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, 481 गांव डूबे

  • ,
  • 'Gen Z को RSS मोहन भागवत से किसी सर्टिफ़िकेट की जरूरत नहीं है', प्रियंका गांधी ने साधा निशाना

  • ,
  • कांग्रेस ने छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री से मांगा जवाब, लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का दिया नोटिस