
उत्तर प्रदेश के मेरठ में आज कांग्रेस के छात्रों की गूंज अभियान के तहत आयोजित होने वाले "संविधान संवाद" कार्यक्रम से पहले यूपी पुलिस ने कार्यक्रम स्थल चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर के हॉल पर ताला जड़ दिया। इतना ही नहीं पुलिस ने कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्रों को हाउस अरेस्ट कर लिया है। उनके घरों पर पुलिस बिठाकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। गया है।
प्रशासन की इस तानाशाही कार्रवाई के खिलाफ़ कार्यक्रम संयोजक अवनीश काजला और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया है। यूपी कांग्रेस ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी और अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम को भी शामिल होने था। मेरठ में पुलिस द्वारा जबरन कार्यक्रम रोके जाने की खबर पर राजेंद्र पाल गौतम ने सोशल मीडिया के जरिये यूपी पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि साथियों, आज कांग्रेस पार्टी की तरफ से मेरठ में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित होना था, जहां हमें छात्रों के मुद्दों पर चर्चा करनी थी। लेकिन प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर ताला लगा दिया, भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और हमारे कार्यकर्ताओं और छात्रों के घरों पर पुलिस बिठाकर उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या देश में मौलिक अधिकार सुरक्षित हैं या अघोषित इमरजेंसी लागू कर दी गई है?
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, छात्रों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने में लगी है। मैं मेरठ के छात्रों से न पहुंच पाने के लिए माफी मांगता हूं। आप चिंता मत कीजिए, आपकी लड़ाई हम संविधान के दायरे में रहकर पूरी मजबूती से लड़ेंगे, बस कानून को अपने हाथ में मत लीजिएगा।
दूसरी और आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के दिशा-निर्देश पर प्रदेश भर में उमड़े आक्रोशित कांग्रेसजनों ने सड़कों पर उतरकर बीजेपी की जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक तानाशाही और असंवैधानिक रवैये के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। लखनऊ, प्रयागराज, इटावा, अयोध्या, बलिया, रायबरेली, एटा, सिद्धार्थनगर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच शहर, गोंडा, उन्नाव और देवरिया में हुए विशाल विरोध प्रदर्शनों में कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने का यह महासंग्राम अब थमने वाला नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में आज लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय "शिक्षा बचाओ" की हुंकार से गूँज उठा। अजय राय के नेतृत्व में बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के ख़िलाफ जोरदार प्रदर्शन हुआ। लेकिन बीजेपी सरकार ने इस शांतिपूर्ण विरोध को दबाने के लिए पुलिस का असंवैधानिक प्रयोग किया। पुलिसिया बर्बरता और रुकावटों के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग कर अजय राय समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए