
कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि वाह री सरकार। पहले तो नौकरी ही नहीं दोगे। जिसको मिलेगी उसको 30-35 से पहले नहीं मिलेगी। फिर उस पर 5 साल अपमान वाली संविदा की बंधुआ मजदूरी। और अब कई जगहों पर 50 वर्ष पर ही रिटायर की योजना। युवा सब समझ चुका है। अपना हक मांगने वो सड़कों पर उतर चुका है।
इससे पहले प्रियंका गांधी ने मंगलवार को यूपी में सरकारी भर्ती प्रक्रिया में बदलाव के प्रस्ताव पर सवाल उठाया था। उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि सरकार युवाओं के दर्द पर मरहम न लगाकर उनका दर्द बढ़ाने वाली योजना ला रही है। प्रियंका गांधी ने कहा था कि संविदा का मतलब है कि नौकरियों से सम्मान विदा हो जाएगा। पांच साल की संविदा युवा अपमान कानून की तरह है। सर्वोच्च न्यायालय पहले भी इस तरह के कानून पर तीखी टिप्पणी कर चुका है।
प्रियंका गांधी ने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल लिखा था, “'संविदा = नौकरियों से सम्मान विदा। 5 साल की संविदा= युवा अपमान कानून। माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने पहले भी इस तरह के कानून पर अपनी तीखी टिप्पणी की है। इस सिस्टम को लाने का उद्देश्य क्या है? सरकार युवाओं के दर्द पर मरहम न लगाकर दर्द बढ़ाने की योजना ला रही है।”
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों के समूह 'ख' और 'ग' की नई भर्तियों के लिये बड़े बदलाव पर विचार कर रही है। नई नौकरी पाने वालों को पांच साल तक संविदा पर तैनाती की जाएगी। जिसमें सही तरीके से काम करने वालों को ही बाद में नियमित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी का तंज, ‘कोरोना काल में बीजेपी सरकार ने कई खयाली पुलाव पकाए, एक सच भी था, आपदा में ‘अवसर’ #PMCares
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 16 Sep 2020, 11:27 AM IST