हालात

पंजाब चुनाव से पहले AAP में भगदड़! दो विधायकों के बाद अब कुंवर विजय प्रताप ने भी छोड़ी पार्टी, MLA पद से इस्तीफा

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका लगा है। कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले दो विधायकों ने भी पार्टी छोड़ी थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • पंजाब के अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

  • पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कुंवर विजय प्रताप को पहले ही आम आदमी पार्टी ने निलंबित कर दिया था।

  • इससे एक दिन पहले AAP के दो विधायकों हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी थी।

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्टी को लगातार दूसरे दिन बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर को भेज दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में AAP उन्हें पहले ही निलंबित कर चुकी है।

कुंवर विजय प्रताप सिंह का आम आदमी पार्टी से जुड़ना भी काफी चर्चा में रहा था। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखा था और आम आदमी पार्टी का दामन थामा था। इसके बाद वह अमृतसर नॉर्थ विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। अब उनका विधायक पद छोड़ने का फैसला पंजाब की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है।

एक दिन पहले दो विधायकों ने भी छोड़ी थी AAP

कुंवर विजय प्रताप सिंह से पहले भी आम आदमी पार्टी को दो विधायकों के इस्तीफे का सामना करना पड़ा था। पंजाब की समाना सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस तरह लगातार दो दिनों में पार्टी से तीन विधायकों के अलग होने का घटनाक्रम सामने आया है।

इन इस्तीफों का समय भी राजनीतिक रूप से अहम है। आम आदमी पार्टी ने हाल ही में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके ठीक एक दिन बाद दोनों विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। खास बात यह है कि पार्टी ने अभी तक समाना और सनौर, दोनों विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

BJP में शामिल होने की अटकलें, AAP ने साधा निशाना

हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा के AAP छोड़ने के बाद उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, पठानमाजरा ने अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर कहा था कि वह उसी पार्टी के साथ जाएंगे, जिससे पंजाब को फायदा होगा। उन्होंने अपना इस्तीफा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा था, जबकि पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी छोड़ने का फैसला सार्वजनिक किया था।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर दूसरे दलों से निकाले गए या पार्टी छोड़ चुके नेताओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। AAP के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बीजेपी पर तंज कसते हुए उसे 'कबाड़ की दुकान' बताया। उनका आरोप था कि बीजेपी दूसरी पार्टियों द्वारा नकारे गए नेताओं को अपने पाले में ला रही है।

फिलहाल कुंवर विजय प्रताप सिंह के इस्तीफे के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लगातार सामने आ रहे इन घटनाक्रमों ने पार्टी की सियासी रणनीति और संगठन की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए