हालात

पंजाब की सुरक्षा फिर सवालों के घेरे में! रॉकेट लॉन्चर से पुलिस स्टेशन पर हमले के बाद दहशत, DGP ने किया मौके का मुआयना

हमले पर डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बीती रात करीब 11 बजकर 22 मिनट पर RPG का इस्तेमाल कर हाईवे से ग्रेनेड दागा गया। यह सरहाली थाने के सुविधा केंद्र से टकराया। UAPA के तहत FIR दर्ज कर जांच की जा रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

पंजाब के तरनतारन के सरहाली थाने पर रॉकेट लॉन्चर से हुए हमले के बाद एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। बता दें कि अगस्त के महीने में भी पंजाब में ऐसा ही आतंकी हमला हुआ था।

पुलिस स्टेशन पर हुए हमले के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस हमले पर डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बीती रात करीब 11 बजकर 22 मिनट पर RPG का इस्तेमाल कर हाईवे से ग्रेनेड दागा गया। यह सरहाली थाने के सुविधा केंद्र से टकराया। UAPA के तहत FIR दर्ज कर जांच की जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि हम तकनीकी और फॉरेंसिक रूप से इसकी जांच करेंगे, अपराध के एंगल से सभी सुराग एकत्र किए जा रहे हैं। इस साल करीब 200 ड्रोन क्रॉसिंग हो चुके हैं। पिछले एक महीने में कई ड्रोन को रोका गया, हेरोइन और हथियार जब्त किए गए। मेरा मानना है कि दुश्मन देश बौखलाया हुआ है और ध्यान भटकाने के लिए रात में कायरतापूर्ण हमले कर रहा है।

पुलिस स्टेशन पर हुए हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इस हमले को आंतकी खतरे के रूप में देखा जा रहा है। इस कड़ी में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम सरहाली पुलिस स्टेशन का दौरा कर सकती है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, जब रॉकेट लॉन्चर हमला हुआ, तब थाने में थानाध्यक्ष समेत आठ लोग मौजूद थे।

तरनतारन में धमाके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, बड़े स्तर पर गैंगस्टर को पकड़ा गया है।

हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन ने ली

खबरों के मुताबिक, पुलिस थाने पर रॉकेट लॉन्चर से हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन 'सिख फॉर जस्टिस' ने ली है। बता दें कि देर रात दागा गया रॉकेट थाने के लोहे के गेट से टकराया और थाने में बने सांझ केंद्र में गिरा। इससे भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गए।  हमले के बाद पुलिस ने थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। और पूरे इलाके को सील कर दिया है।

इससे पहले अगस्त के महीने में भी पंजाब में ऐसा ही आतंकी हमला हुआ था। तब पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग के मोहाली स्थित मुख्यालय पर राकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) से आतंकियों ने हमला किया था। इस मामले की जांच एनआइए कर रही है। इससे पहले जुलाई में इसी क्षेत्र में एक आतंकी को ढाई किलो आरडीएक्स और आइईडी के साथ गिरफ्तार किया गया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 10 Dec 2022, 1:19 PM IST

  • सिनेजीवनः दिलजीत के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी और इम्तियाज अली ने बताया इंडस्ट्री का असल रिश्ता

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: चुनाव लड़ने को लेकर आजम खान के तेवर तीखे, बोले- 'मुझे कौन रोक सकता है?

  • ,
  • PM मोदी बड़ी परियोजनाओं पर नाम दर्ज कराने की जल्दी में क्यों हैं, क्या झोला उठाने का वक्त करीब दिखने लगा है?: कांग्रेस

  • ,
  • सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज, शरद पवार को लेकर बोलीं- संन्यास नहीं लेंगे

  • ,
  • 'राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे से डरी मोहन सरकार', मध्यप्रदेश में सहकारी समितियां के चुनाव एक साल बढ़ाए जाने पर बोली कांग्रेस