
राफेल डील को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फिर एक बार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने राफेल डील में भ्रष्टाचार के आरोपों पर एक ट्वीट कर पूछा कि इस मामले पर जवाब देने के अपने पिछले वादे से आखिर रक्षा मंत्री ने क्यों पलटी मारी। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया, “आखिर रक्षा मंत्री ने नवंबर 2017 में, मैं राफेल विमानों की कीमत का खुलासा करूंगी’ से फरवरी 2018 में, ‘ये कीमत सरकारी राज हैं’, कहकर अपनी स्थिति में बदलाव क्यों किया? ए. भ्रष्टाचार, बी. मोदी जी को बचाने के लिए, सी. मोदी जी के मित्र को बचाने के लिए, डी. इनमें से सभी।”
इसी मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी ने भी राहुल गांधी का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह यही सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पिछले साल रक्षा मंत्री ने कहा था कि वह राफेल विमानों की कीमत के बारे में जानकारी देंगी, लेकिन अब वह अपनी बात से ही पलट गई हैं। ऐसा क्यों और किसके दबाव में किया गया। सरकार को लोगों को जवाब देना चाहिए।
राफेल डील को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने आक्रामक रुख बनाया हुआ है। एक दिन पहले 7 फरवरी को सदन में पीएम के भाषण के बाद भी राहुल गांधी ने यही सवाल पूछा था। राहुल गांधी राफेल डील को लेकर लगातार मोदी सरकार को घेर रहे हैं। इससे पहले भी वह कई मंचों पर इस डील को लेकर सवाल खड़े कर चुके हैं, लेकिन मोदी सरकार लगातार इस पर जवाब देने से बचती रही है।
आने वाले दिनों में इस मुद्दे के और बड़ा रूप अख्तियार करने की संभावना है। इस बीच 8 फरवरी को भी सदन में राफेल डील के मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ। भ्रष्टाचार के आरोपों पर अरुण जेटली और शशि थरूर के बीच नोक-झोंक भी देखने को मिली।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Feb 2018, 8:03 PM IST