हालात

राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार को दी श्रद्धांजलि, बोले- ताकतवर लोगों के हिंसक और अहंकारी होने का फैशन बन गया

राहुल गांधी ने कहा कि हम हिंसा के सामने नहीं झुकेंगे। यह कोई अकेली घटना नहीं थी। कभी हत्या होती है, कभी अपमान होता है। यह देश में हो रहा है। यह पूर्वोत्तर के लोगों और कई दूसरे समुदायों के साथ हो रहा है। हम इसका मुकाबला करेंगे।

राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार को दी श्रद्धांजलि, (फोटोः विपिन)
राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार को दी श्रद्धांजलि, (फोटोः विपिन) फोटोः विपिन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को दिल्ली में मणिपुर के दिवंगत संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह के सम्मान में आयोजित स्मृति समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आजकल यह फैशन बन गया है कि यदि कोई शक्तिशाली है तो वह हिंसक और अहंकारी हो सकता है और अपनी मर्जी से कुछ भी कर सकता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस स्थिति का मुकाबला किया जाएगा और ऐसे लोगों को पराजित किया जाएगा।

ताकतवर का हिंसक और अहंकारी होना फैशन बना

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘आजकल यह एक तरह से फैशन बन गया है कि अगर आप शक्तिशाली हैं तो आप हिंसक हो सकते हैं। अगर आप शक्तिशाली हैं तो किसी तरह आप अहंकारी हो सकते हैं और किसी तरह आप वह सब कर सकते हैं, जो आपका मन करे।’’ उन्होंने कहा कि हिंसा का जवाब हिंसा और नफरत का जवाब नफरत नहीं हो सकती।

हम हिंसा के सामने नहीं झुकेंगे, मुकाबला करेंगे

राहुल गांधी ने कहा कि विक्रम सिंह का जाना एक त्रासदी है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम हिंसा के सामने नहीं झुकेंगे। यह कोई अकेली घटना नहीं थी। कभी हत्या होती है, कभी अपमान होता है। यह देश में हो रहा है। यह पूर्वोत्तर के लोगों और कई दूसरे समुदायों के साथ हो रहा है। हम इसका मुकाबला करेंगे।’’

मणिपुर के पूर्व सीएम इबोबी सिंह भी शामिल हुए

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री ओकरम इबोबी सिंह भी स्मृति कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य के सभी लोगों को स्तब्ध कर दिया है। इबोबी सिंह ने पूर्वोत्तर के लोगों के प्रति कथित भेदभाव का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘दिल्ली में पूछा जाता है कि आप नेपाल से हैं, चीन से हैं। फिर हमें यह बताना पड़ता है कि हम मणिपुर से हैं और यह भारत का हिस्सा है।’’ उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध और पूर्वोत्तर के लोगों के प्रति इस तरह के रवैये को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राहुल गांधी ने हत्या की निंदा की थी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इससे पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में विक्रम सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा था कि उनका संगीत और उनकी भावना उन सभी लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेगी, जिन्हें उन्होंने प्रभावित किया। उन्होंने कहा था, ‘‘मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और प्रियजनों के साथ खड़ा हूं।’’ राहुल गांधी ने घटना के बाद विक्रम सिंह के भाई से फोन पर बात की थी और न्याय की लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिलाया था।

स्मृति सभा में कई नेता शामिल हुए

दिल्ली के किलोकरी गांव इलाके में बीते रविवार रात कुछ लोगों ने छोटी सी बात पर संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। चोंगथाम विक्रम सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को दिल्ली के बीआर अंबेडकर इन्टरनेशनल सेंटर में स्मृति समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत समेत कई अन्य नेता और पूर्वोत्तर से जुड़े कई लोग शामिल हुए।