हालात

Rain Alert: यूपी-दिल्ली समेत 11 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

  • 11 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी की चेतावनी

  • 50 से 80 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

  • निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा

देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा में बने डिप्रेशन के प्रभाव से कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत करीब 11 राज्यों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

IMD के अनुसार, डिप्रेशन दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा के आसपास सक्रिय है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 12 घंटे तक इसके डिप्रेशन के रूप में बने रहने की संभावना है। इसके बाद सिस्टम कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो सकता है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

IMD के मुताबिक, इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को भी दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। 28 सितंबर को भी राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले से बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, कानपुर और उन्नाव समेत कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल रही है। IMD ने 26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बारिश के दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश का दौर 30 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर और पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश होने का अनुमान है।

यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट है।

इनमें से कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, बहराइच, श्रावस्ती, उन्नाव, कानपुर नगर समेत कई जिलों के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है। संभावित स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव एजेंसियों को जरूरत के अनुसार तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बिहार में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

IMD के मुताबिक, राज्य में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का असर 28 सितंबर तक बना रह सकता है।

पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश की स्थिति में भूस्खलन और रास्तों पर जलभराव जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। ऐसे में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।

मध्य प्रदेश में भी जोरदार बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है। IMD ने 26 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर व्यापक बारिश हो सकती है। इसके बाद 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक भी पूर्वी हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं 29 और 30 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है।

झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश

झारखंड के कई हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रांची मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, गुरुवार रात से राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहे गहरे दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में बारिश का असर आगे भी बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए