
राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान कई जिलों में मारपीट और झड़प की घटनाएं
सीकर के ढाणी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के प्रत्याशी अरुण पारीक के साथ मारपीट
तीन बजे तक 63.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया
राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को सरपंच के 3,716 और वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए मतदान के दौरान सीकर, झुंझुनूं, जालोर, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में हंगामे, मारपीट और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस के अनुसार, सीकर जिले की भोज्या की ढाणी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के प्रत्याशी अरुण पारीक के साथ मारपीट हुई। पारीक ने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी किशोर कुमार कुमावत और उसके करीब 50 समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। पारीक का अस्पताल में उपचार जारी है।
वहीं, झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र के देलसर गांव में बुधवार रात सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई। नवलगढ़ के थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि इस घटना में पंजाब के होशियारपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जालोर जिले में चितलवाना के थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ दिया। इसी तरह, चित्तौड़गढ़ जिले की भूपालसागर ग्राम पंचायत में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर हंगामा हुआ। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को मौके से हटाया। हनुमानगढ़ जिले की नोहर पंचायत समिति की रतनपुर ग्राम पंचायत में भी सरपंच पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई।
इस बीच, दौसा जिले के सैंथल में मतदान केंद्र पर एक अनोखा मामला सामने आया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर 28 वर्षीय नसीबन खां ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) नरेश विजय ने बताया कि नसीबन खां की लंबाई एक फुट है।
वहीं, चूरू जिले की राजगढ़ पंचायत समिति की लुदी झाबर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान नहीं हुआ। इस पद के लिए केवल एक नामांकन दाखिल किया गया था, लेकिन जांच के दौरान प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया। उम्मीदवार न होने की स्थिति में सरपंच पद के लिए चुनाव नहीं कराया गया।
राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए आज सुबह से जारी मतदान में अपरान्ह तीन बजे तक 63.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। उन्होंने बताया कि इस दौरान बालोतरा जिले की गुड़ामालानी पंचायत समिति में सबसे अधिक 75.48 प्रतिशत, जबकि सलूंबर जिले की सलूंबर पंचायत समिति में सबसे कम 51.63 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक जारी रहेगी।
इस चरण में 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। इसके लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद गुरुवार को ही मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जा रही है।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और तीन नवंबर को हुआ था। पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों का मतदान 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को हुआ था, जबकि उप-सरपंच पदों के चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को हुए थे। उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव छह नवंबर को होगा।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे। चारों चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे, जबकि पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को कराए जाएंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए