हालात

राज्यसभा चुनावः नटराजन मामले को लेकर चुनाव आयोग से मिले कांग्रेस नेता, फैसले को निरस्त करने की मांग की

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के मामले में निर्वाचन अधिकारी का फैसला विकृत है, कानूनी रूप से गलत है। सिंघवी ने कहा कि यह फैसला गणतंत्र के सिद्धांतों के विरुद्ध है और और संविधान के मूल ढांचे को भी विकृत करता है।

राज्यसभा चुनावः नटराजन मामले को लेकर चुनाव आयोग से मिले कांग्रेस नेता, फैसले को निरस्त करने की मांग की
राज्यसभा चुनावः नटराजन मामले को लेकर चुनाव आयोग से मिले कांग्रेस नेता, फैसले को निरस्त करने की मांग की फोटोः PTI

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश से अपनी राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने के खिलाफ बुधवार को निर्वाचन आयोग से मुलाकात की और आग्रह किया कि निर्वाचन अधिकारी द्वारा उनका नामांकन रद्द किए जाने के ‘संविधान और गणतंत्र विरोधी’’ फैसले को तत्काल निरस्त किया जाए।

पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग पहुंचकर इस मामले में पार्टी का पक्ष रखा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो अन्य आयुक्तों को ज्ञापन भी सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव जयराम रमेश, भूपेश बघेल, रणदीप सुरजेवाला और वरिष्ठ नेता दीपा दासमुंशी, विवेक तन्खा और अभिषेक सिंघवी शामिल थे। इसमें खुद नटराजन भी मौजूद थीं।

Published: undefined

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने भारत निर्वाचन आयोग के साथ विस्तार से चर्चा की और तथ्य व आंकड़े रखे।’’ वरिष्ठ अधिवक्ता सिंघवी ने कहा, ‘‘हमारे प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग के सामने विस्तृत रूप से अपने मुद्दे रखे हैं। मीनाक्षी नटराजन जी के मामले में निर्वाचन अधिकारी का फैसला विकृत है, कानूनी रूप से गलत है, जिसका समर्थन नहीं किया जा सकता।’’

सिंघवी ने कहा कि निर्वावन अधिकारी ने जिस आधार पर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया, वह आधार कानूनी रूप से सही नहीं हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ऐसा कोई आपराधिक मामला नहीं है, जिसका मीनाक्षी जी खुलासा कर सकती थीं। अदालत से एक नोटिस आया, जिसमें मीनाक्षी जी से कहा गया कि आप आकर हमें बताइए कि हम इस मामले का संज्ञान लें या नहीं।’’

Published: undefined

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ‘‘कानून की पहली कक्षा के विद्यार्थी को भी पता होता है कि मजिस्ट्रेट द्वारा संज्ञान लेना एक प्राथमिक चरण होता है और उसमें यह फैसला किया जाता है कि यह मामला आगे चलना चाहिए या नहीं। बिना संज्ञान के कोई भी आपराधिक मामला जन्म ही नहीं लेता है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मजे की बात यह है कि चुनाव आयोग के कानून में स्पष्ट लिखा है कि आपको सिर्फ वह खुलासा करना है, जिसमें अपराध अगर सिद्ध हो तो सजा दो साल से ज्यादा हो और जिसमें आरोप तय हो चुके हैं। इसे देखने का उत्तरदायित्व निर्वाचन अधिकारी का होता है।’’

सिंघवी ने कहा, ‘‘इस मामले में मजिस्ट्रेट ने संज्ञान नहीं लिया है। व्यवस्था यह है कि मीनाक्षी जी को सुनने के बाद मजिस्ट्रेट संज्ञान लेंगे, उसके बाद जांच होगी और फिर आरोप पत्र तैयार होगा। यानी इस मामले में आगे के तीन चरण बचे हैं। मजिस्ट्रेट ने संज्ञान तक नहीं लिया है, मगर निर्वाचन अधिकारी ने मान लिया कि यह एक आपराधिक मामला लंबित है।’’

Published: undefined

सिंघवी ने कहा, ‘‘इसके अलावा, हमने कई और मुद्दे रखे और कहा है कि ऐसी गलती के कारण राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन रद्द नहीं किया जा सकता है।’’ उन्होंने दावा किया कि आरओ का फैसला गणतंत्र के सिद्धांतों के विरुद्ध है और समान अवसर की स्थिति को खत्म करने वाला है और संविधान के मूल ढांचे को भी विकृत करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने यह भी कहा है कि निर्वाचन आयोग के पास पूरा अधिकार क्षेत्र है कि वे आरओ के फैसले को बदल दे या आदेश निरस्त कर दें। आयोग पहले भी हरियाणा और गुजरात के मामलों में हस्तक्षेप कर चुका है।’’ कांग्रेस नेता के अनुसार, यह नहीं कहा जा सकता है कि चुनाव आयोग किसी भी तरह से असहाय है।

शपथपत्र में जानकारी छुपाने के बीजेपी के आरोप पर कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन मंगलवार को रद्द कर दिया गया था। मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए बीजेपी के उम्मीदवार महेश केवट ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि नटराजन ने जानबूझकर अपने खिलाफ तेलंगाना में दर्ज एक मुकदमे का अपने शपथ पत्र में कोई उल्लेख नहीं किया है। इस पर निर्वाचन अधिकारी ने नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीट के लिए 18 जून को मतदान होना है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined