
राजधानी दिल्ली में भी शुक्रवार को रक्षाबंधन की धूम रही। भाई-बहन के इस त्योहार के मौके पर लोगों की आवाजाही बढ़ने से कई प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, एमबी रोड, कालिंदी कुंज, प्रगति मैदान और अक्षरधाम समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। साथ ही दिल्ली मेट्रो में भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
सुबह से ही लोग रक्षा बंधन के त्योहार को मनाने के लिए अपने घरों से निकल गए। हर कोई अपने भाई या बहन के यहां पहुंचना चाहता था। इस दौरान कई इलाकों में लोग रक्षा बंधन का त्योहार धूमधाम से मनाते नजर आए। पुरानी दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद की सीढ़ियों पर भी कई बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम के इस त्योहार को मनाया।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम कई घंटों तक लगा रहा और गाड़ियां रेंगती नजर आईं। कई जगह यातायात पुलिस की टीम को गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए तैनात किया गया था। छतरपुर क्षेत्र में एमबी रोड पर भी भारी यातायात के कारण जाम की सूचना मिली, जहां गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई थी। लाडो सराय ओल्ड एमबी रोड यातायात सिग्नल पर भी जाम देखा गया।
कालिंदी कुंज पर यातायात जाम रहा, जहां यात्रियों ने दिल्ली की ओर जाम की शिकायत की और इस मार्ग पर जाम को रोज़ाना का मसला बताया। प्रगति मैदान और अक्षरधाम खंड के आसपास भी यातायात जाम देखा गया, जबकि त्योहार से पहले आवाजाही बढ़ने के बीच गीता कॉलोनी रोड के पास दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर गाड़ियों के धीमी गति से चलने की सूचना मिली।
दिल्ली यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन के मद्देनजर 27 और 28 अगस्त को परामर्श जारी किया था जिसमें आनंद विहार आईएसबीटी, रोड नंबर 56, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) और विकास मार्ग के आसपास पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की चेतावनी दी गई। यात्रियों को सलाह दी गई कि संभव हो तो इन हिस्सों से बचें और अपने घर से गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त वक्त लेकर निकलें। सड़क पर यातायात बढ़ने के साथ-साथ दिल्ली मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई, कई स्टेशनों और ट्रेन में यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई।