
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय युवती की हालत अब स्थिर है। डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ने बुधवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया कि युवती की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उन्हें सफलतापूर्वक वेंटिलेटर से हटा दिया गया है और अब वह खुद से सांस ले रही हैं।
अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, विरोध-प्रदर्शन से जुड़ी घटना में घायल युवती का इलाज नई दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें सफलतापूर्वक एक्सट्यूबेट (वेंटिलेटर से हटाया) कर दिया है। वह पूरी तरह होश में हैं, खुद से सांस ले रही हैं और डॉक्टरों के निर्देशों का सही तरीके से जवाब दे रही हैं। अस्पताल ने यह भी बताया कि युवती के दिमाग और रीढ़ की हड्डी का एमआरआई सामान्य आया है।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, भर्ती होने के बाद से युवती की स्थिति में लगातार सुधार दर्ज किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उन्हें सभी जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिलहाल, इस घटना के सिलसिले में आरएमएल अस्पताल में भर्ती वह अकेली मरीज हैं और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
संसद तक 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के मार्च के दौरान हुई हिंसक झड़प के मामले में दिल्ली पुलिस अब तक 10 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में ये मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग थाना में चार, कनॉट प्लेस (सीपी) थाना में तीन और मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड तथा कट पथ थाना में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें एक मामला संसद सत्र के दौरान हाई-सिक्योरिटी जोन में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने से जुड़ा है। वहीं, एक अन्य एफआईआर आरएएफ के जवान पर कथित हमले के मामले में दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में कुछ लोग आरएएफ जवान के साथ मारपीट करते दिखाई दिए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए