
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और दिग्गज फिल्म लेखक सलीम खान की उम्र 90 साल है। हाल के दिनों में उनकी तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज़ हुई हैं, हालांकि खान परिवार की ओर से अब तक स्वास्थ्य संबंधी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
इंस्टाग्राम पर वायरल एक वीडियो में सलमान खान मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल से बाहर निकलते नजर आए। ब्लैक टी-शर्ट में दिख रहे सलमान कड़ी सुरक्षा के बीच अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की, लेकिन उनके चेहरे पर चिंता साफ झलक रही थी।
एक अन्य वीडियो में सलमान खान के बहनोई और फिल्म प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री को भी लीलावती हॉस्पिटल पहुंचते देखा गया। अतुल, सलमान की बहन अलवीरा खान के पति हैं। इससे सलीम खान की तबीयत को लेकर अटकलें और तेज हो गईं।
सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रतिष्ठित लेखकों में शामिल रहे हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में हुआ था। वह अपने माता-पिता की सबसे छोटी संतान थे और महज 14 साल की उम्र में उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था।
सलीम खान ने पहली शादी सुशीला चरक से की थी, जिन्होंने विवाह के बाद अपना नाम सलमा रख लिया। इस शादी से उन्हें चार बच्चे सलमान खान, अरबाज खान, सुहेल खान और अलवीरा खान हुए। बाद में उन्होंने अभिनेत्री हेलन से दूसरी शादी की, जिनसे उनकी कोई संतान नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए