हालात

कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के डिब्बे में धुआं निकलने से हड़कंप, कोई हताहत नहीं

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, धुआं संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण उठा था। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित डिब्बे की जांच की जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर  फोटोः सोशल मीडिया

कोल्हापुर से मुंबई जा रही महालक्ष्मी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में कर्जत के पास मंगलवार सुबह धुआं निकलने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मुंबई से 90 किमी दूर हादसा 

पुलिस ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर कर्जत के मंकी हिल खंड में हुई, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार, धुआं संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण उठा था। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्रभावित डिब्बे की जांच की जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई।

घटना में कोई हताहत नहीं

कर्जत जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण मटकर ने कहा, ‘‘इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।’’

अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के कर्जत स्टेशन से जाने का समय सुबह पांच बजकर 30 मिनट है, लेकिन इस घटना के कारण इसके रवाना होने में देरी हुई। अधिकारियों द्वारा डिब्बे की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने के बाद ट्रेन सुबह छह बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई।

धौली एक्सप्रेस में भी उठा धुआं

इससे पहले रविवार की रात ओडिशा के बालासोर जिले में धौली एक्सप्रेस के एक कोच में धुआं देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात करीब 10:45 बजे मारकोना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के SLRD (सीटिंग-कम-लगेज रेक) कोच में धुआं देखा गया। ये हादसा तब हुआ जब ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से पुरी जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग करने के बाद ही ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए स्टेशन से जाने दिया गया। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने एक बयान में कहा, "यात्रियों या रेलवे कर्मचारियों के घायल होने की कोई खबर नहीं है। धुएं के कारण की जांच की जा रही है।"

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए