हालात

पटना में छात्र संगठन आज करेंगे CM आवास का घेराव, हंगामे के आसार, 14 संगठनों को मिला है मार्च का समर्थन

मार्च गांधी मैदान से डाकबंगला, तारामंडल और जेपी गोलंबर होते हुए सीएम आवास की ओर जाएगा। RYA, SSAI, छात्र युवा संघर्ष मोर्चा समेत 14 संगठनों ने मार्च को समर्थन दिया है। RJD ने भी प्रदर्शन के समर्थन का ऐलान किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

पटना में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को और तेज होने जा रहा है। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) सुबह 11 बजे गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए मार्च निकालेगा। संगठन पिछले एक सप्ताह से गर्दनीबाग में धरना दे रहा है। मार्च गांधी मैदान से डाकबंगला, तारामंडल और जेपी गोलंबर होते हुए सीएम आवास की ओर जाएगा। RYA, SSAI, छात्र युवा संघर्ष मोर्चा समेत 14 संगठनों ने मार्च को समर्थन दिया है। RJD ने भी प्रदर्शन के समर्थन का ऐलान किया है।

हालांकि मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के इलाके में मार्च या प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। ऐसे में जेपी गोलंबर के आगे बढ़ने की कोशिश पर पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोक सकती है। टकराव की स्थिति में लाठीचार्ज की भी आशंका है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

छात्रों की मुख्य मांग BPSC परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने और पूरी प्रक्रिया की हाईकोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में CBI जांच कराने की है। इसके अलावा लाइब्रेरियन भर्ती निकालने, BSSC से संविदा वेटेज हटाने, दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती से पहले एलिजिबिलिटी टेस्ट अनिवार्य करने की मांग है।

छात्र बिहार की सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर, अधिकतम आयु सीमा 45 साल करने और डोमिसाइल नीति में 90 फीसदी तक स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग भी कर रहे हैं। साथ ही पेपर लीक और धांधली पर सख्त कार्रवाई, TRE-4 में एकल परीक्षा और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की मांग को लेकर भी छात्र लामबंद हैं।