
तेलंगाना के मुनुगोड़े विधानसभा सीट पर गुरुवार को होने वाले उपचुनाव से पहले आज बीजेपी और टीआरएस के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के दौरान आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर झड़प हो गई, जिसमें दोनों पार्टियों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। इसके बाद टीआरएस के कुछ समर्थकों ने गांव में प्रचार कर रहे बीजेपी विधायक एटाला राजेंद्र के काफिले पर कथित तौर पर पथराव कर दिया।
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि उनके सुरक्षाकर्मी और निजी सहायक समेत 30 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमले में 10-15 वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने संयम से काम लिया। उन्होंने कहा कि हम शारीरिक हमलों के खिलाफ हैं। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव अभियान चला रही है।
वहीं केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने भी टीआरएस के लोगों पर का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव हारने के डर से टीआरएस शारीरिक हमले कर रही है। उन्होंने दावा किया कि टीआरएस की हिंसा के बावजूद बीजेपी राज्य में विधानसभा उपचुनाव जीतेगी।
इस बीच, टीआरएस ने हमले के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी. हरीश राव ने कहा कि चूंकि टीआरएस को लोगों का समर्थन प्राप्त है, इसलिए बीजेपी हताश हो गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदान को देखते हुए संयम से काम लेने का आग्रह किया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए