हालात

आंध्र प्रदेश के कोरोना मरीजों को रोकने पर तेलंगाना हाईकोर्ट सख्त, पूछा- सीमा पर किसके आदेश से एंबुलेंस रोके गए

तेलंगाना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश हेमा कोहली और न्यायमूर्ति बी विजयसेन रेड्डी की पीठ ने अधिकारियों से सवाल किया कि अंतरराज्य मूवमेंट पर प्रतिबंध नहीं होने पर वे एम्बुलेंस को कैसे रोक सकते हैं। अदालत ने पूछा कि क्या यही मानवता है।

फोटोः ANI
फोटोः ANI 

तेलंगाना उच्च न्यायालय ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश से हैदराबाद में कोरोना मरीजों को ले जा रही कई एम्बुलेंस को सीमा पर रोकने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों की जमकर खिंचाई की। अदालत ने उन खबरों को गंभीरता से लिया है, जिनमें बताया गया था कि हैदराबाद में इलाज के लिए आने वाले कोरोना मरीजों को अंतर-राज्यीय सीमा पर रोक दिया गया था और उन्हें आने से मना कर दिया गया था।

तेलंगाना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश हेमा कोहली और न्यायमूर्ति बी विजयसेन रेड्डी की खंडपीठ ने अधिकारियों से सवाल किया कि अंतरराज्य मूवमेंट पर प्रतिबंध नहीं होने पर वे एम्बुलेंस को कैसे रोक सकते हैं। अदालत ने पूछा क्या यह मानवता है। अदालत यह जानना चाहती थी कि कोरोना मरीजों के एंबुलेंस को रोकने का आदेश किसने दिया।

अदालत ने मंगलवार को तेलंगाना में कोविड की स्थिति से संबंधित याचिकाओं की सुनवाई की। इस दौरान हैदराबाद, साइबराबाद और राचकोंडा के पुलिस आयुक्त और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त अदालत में पेश हुए। अदालत ने रात के कर्फ्यू के अप्रभावी कार्यान्वयन पर नाराजगी जताई। पीठ ने कहा कि क्या राज्य सरकार रमजान के बाद कोरोना के नियंत्रण के लिए और उपाय करने की योजना बना रही है।

अदालत यह जानना चाहती थी कि धार्मिक स्थलों पर होने वाले समारोहों को नियंत्रित क्यों नहीं किया जा रहा है। अदालत ने टिप्पणी की कि अदालत के आदेश की धज्जियां उड़ाना दुर्भाग्यपूर्ण है और चेतावनी दी गई है कि अधिकारियों को अदालती कार्यवाही की अवमानना का सामना करना पड़ सकता है। एडवोकेट जनरल ने कोर्ट को बताया कि राज्य कैबिनेट मंगलवार दोपहर कोरोना नियंत्रण उपायों पर निर्णय लेने के लिए बैठक कर रहा है। पीठ ने उन्हें अपनी चिंता कैबिनेट को बताने को कहा।

अदालत ने सरकार से सभी प्रस्तावित कोरोना नियंत्रण उपायों के विवरण के साथ एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके बाद कोर्ट ने सुनवाई को कैबिनेट बैठक तक स्थगित कर दिया। बता दें कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य में कोरोना को मामलों में उछाल को देखते हुए 12 मई से 10 दिनों के लिए राज्यव्यापी लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: '4 सेकंड तक कोई कंट्रोल नहीं था', टर्बुलेंस वाली फ्लाइट पर बड़ा खुलासा, चमोली हादसे में मरने वालों की संख्या 9 हुई

  • ,
  • दिल्ली-एनसीआर में 'सबवेंशन स्कीम' के नाम पर घर खरीदारों से धोखाधड़ी, इस तरह दिया गया धोखा, ईडी ने की छापेमारी

  • ,
  • Air India AI2379 हादसे पर Airbus की रिपोर्ट से बड़ा खुलासा, सिर्फ टर्बुलेंस नहीं था मामला, 7 सेकंड में क्या हुआ?

  • ,
  • सुखबीर सिंह बादल पर हमला: घंटों पूछताछ के बावजूद हमले का ठोस कारण पता नहीं कर पाए जांचकर्ता, आईबी भी जांच में शामिल

  • ,
  • झारखंड के कोडरमा में कांवड़ियों से भरी बस की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत, 50 से ज्यादा श्रद्धालु घायल