हालात

'BJP देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आई', विपक्ष ने पूछा- लोकतंत्र के चीरहरण को कपड़ों से कैसे ढकेंगे

दिल्ली पुलिस द्वारा एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जबरन प्रदर्शन स्थल से उठाकर अस्पताल ले जाने को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा है। इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से हटाया गया
सोनम वांगचुक को जंतर मंतर से हटाया गया फोटो: PTI

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने वहां से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस अचानक प्रदर्शन स्थल के मंच पर पहुंची और वहां मौजूद छात्रों को हटाने के दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई।

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि भी सफदरजंग अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह अस्पताल में मौजूद हैं और उनकी, परिवार की तथा पिछले 20 दिनों से सोनम की सेहत की निगरानी कर रहे डॉक्टरों की सहमति के बिना उन्हें मुंह या नस के जरिए कोई दवा या अन्य चीज न दी जाए।

इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

यह सरकार लोकतांत्रिक तरीकों से न्याय मांगने वालों को दबाती है- उदित राज

दिल्ली पुलिस द्वारा एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को उनकी भूख हड़ताल के 21वें दिन अस्पताल ले जाने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, "यह सरकार लोकतांत्रिक तरीकों से न्याय मांगने वालों को दबाती है। किसान आंदोलन इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। लगभग 750 किसानों की जान चली गई, फिर भी सरकार पर इसका कोई असर नहीं हुआ। हम यहां भी वही देख रहे हैं। सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ रही है। मैंने खुद कल उनसे मिलकर अपील की थी, लेकिन इस सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। यह सरकार लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से भूख हड़ताल करने या शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की इजाज़त नहीं दे रही है।"

यह सरकार की पूरी तरह से गलत नीति है- सचिन पायलट

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "यह सरकार की पूरी तरह से गलत नीति है। सोनम वांगचुक जी लगभग 20 दिनों से अनशन पर हैं; उन्होंने हमारे युवाओं के भविष्य और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे जैसे अहम मुद्दों के लिए खाना-पीना छोड़ दिया है। फिर भी, सरकार ने न तो कोई बातचीत की, न ही कोई चर्चा शुरू की और न ही इस मामले पर कोई ध्यान दिया। अब, जब इसका असर पूरे देश में दिख रहा है और जनता का दबाव बढ़ रहा है, तो वे सिर्फ़ अपनी ज़िम्मेदारी से बचने के लिए उन्हें ज़बरदस्ती अस्पताल ले जा रहे हैं। सरकार के लिए बेहतर होता कि वह बातचीत शुरू करती और उनकी मांगें मान लेती। उन्हें ज़बरदस्ती हटाकर अस्पताल ले जाने से साफ़ पता चलता है कि सरकार भारी दबाव में है। लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है और उन्हें ज़बरदस्ती अस्पताल ले जाने से जनता का गुस्सा कम होने के बजाय और बढ़ेगा।"

लोकतंत्र के चीरहरण को कपड़ों से कैसे ढकेंगे?- RJD

जंतर-मंतर से दिल्ली पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को वहां से हटाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया है। इस पर अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रतिक्रिया सामने आई है। RJD प्रवक्ता प्रियंका भारती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-"सोनम जी को जबरन जंतर-मंतर से उठा लिया गया। कपड़ों से ढक रहे हैं. सरकार को ये बात समझ नहीं आई कि लोकतंत्र के चीरहरण को कपड़ों से कैसे ढकेंगे? याद रखिएगा, जितने छात्रों ने आत्महत्या की,उनके लहू आपके कपड़ों पर है। एक वक्त आएगा, जब भाजपाई ये बताने में शर्म करेंगे कि वो भाजपाई थे!

बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए- डिंपल यादव

दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को उनकी भूख हड़ताल के 21वें दिन अस्पताल में भर्ती कराया है और उन्हें जंतर-मंतर से हटा दिया है. इस पर अब समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-"बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफ़न लेकर आए हैं. जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं. सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाना है."

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इससे पहले कहा कि सोनम वांगचुक जी को जबरन हटाना सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कुचलना है. बीजेपी सरकार को अब शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं यह तानाशाही है."

ये क्या गुंडागर्दी चल रही है? - संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये क्या गुंडागर्दी चल रही है? - मोदी जी ये सत्ता का अहंकार लंबे समय तक नही चलता। जिस युवा पर लठ्ठ चला रहे हो, यही आपका तख़्त उखाड़ेगा। एक शख़्स सोनमवांगचुक जो पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर है, उनकी माँगें सुनने के बजाय उसको जबरन गिरफ़्तार करके हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि जुल्मी जब जब जुल्म करेगा सत्ता के गलियारों से, चप्पा चप्पा गूंज उठेगा इंकलाब के नारों से। सोनम वांग चुक ज़िंदाबाद, युवा शक्ति ज़िंदाबाद।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए