
कांग्रेस ने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार को देश की अर्थव्यवस्था की बदहाली, महंगाई और बेरोजगारी की चिंता नहीं है, बल्कि उसे इस बात की परेशानी है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष इन मुद्दों पर बोलते हैं और दुनिया उनकी बात सुनती है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं उसकी प्रतिक्रियाओं से उजागर हो जाती हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर अर्थव्यवस्था की दुर्दशा है तो उससे सरकार को कोई चिंता नहीं है। सरकार को महंगाई से चिंता नहीं है, सरकार को बेरोजगारी से चिंता नहीं है। सरकार को चिंता है कि इस बारे में राहुल गांधी बोलें नहीं और दुनिया सुने नहीं।
खेड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार को अर्थव्यवस्था की हालत और उसकी सेहत की चिंता नहीं है, बल्कि उसकी परेशानी राहुल गांधी के बोलने और दुनिया द्वारा उनकी बात सुने जाने को लेकर है। उन्होंने कहा, ‘‘ये है सरकार की प्राथमिकताएं! सरकार के लोग हर बार बेनकाब हो जाते हैं।’’
BJP ने अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बुधवार को आलोचना की
आपको बता दें, राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत ‘‘आर्थिक आपदा’’ के कगार पर है, जहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, विनिर्माण क्षेत्र की बुनियाद कमजोर हो गई है और शिक्षा व्यवस्था में गहरी समस्याएं हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए