हालात

'जनता का आंदोलन जारी रहेगा, ये सरकार के खिलाफ नो कॉन्फिडेंस मोशन', महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी का दावा

तुषार गांधी ने कहा कि मेरे हिरासत में रहने और अन्य आयोजकों के पकड़े जाने के बावजूद मुंबई की जनता उत्सुकता के साथ अगस्त क्रांति मैदान आती रही और पुलिस के नाक में दम करती रही।

महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई में हिरासत में लिया गया।
महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई में हिरासत में लिया गया। फोटो: सोशल मीडिया

  • महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

  • तुषार गांधी ने कहा कि मेरे साथ जो कांस्टेबल था, उसके पास मेरा फोन था लेकिन उसे वापस नहीं दिया गया।

  • उन्होंने कहा कि आम जनता अपनी मर्जी से इस आंदोलन में हिस्सा ले रही है और बाहर निकल रही है।

  • 'यह जनता की ओर से सरकार के खिलाफ नो कॉन्फिडेंस मोशन है।'

महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने हिरासत से छूटने के बाद सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें और अन्य आयोजकों को हिरासत में लिए जाने के बावजूद मुंबई में लोग अपने आप अगस्त क्रांति मैदान पहुंचते रहे।

तुषार गांधी का पुलिस पर आरोप

तुषार गांधी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, "शनिवार शाम 6 बजे मुझे बताया गया कि मुझे जाने दिया जाएगा लेकिन मेरा फोन अभी भी वापस नहीं किया गया था। मेरे साथ जो कांस्टेबल था, उसके पास मेरा फोन था लेकिन उसे वापस नहीं दिया गया। इसके बाद चार अधिकारियों ने मुझे उसी गाड़ी में बैठाकर घर छोड़ दिया।"

उन्होंने कहा कि मेरे हिरासत में रहने और अन्य आयोजकों के पकड़े जाने के बावजूद मुंबई की जनता उत्सुकता के साथ अगस्त क्रांति मैदान आती रही और पुलिस के नाक में दम करती रही। उन्होंने कहा कि आम जनता अपनी मर्जी से इस आंदोलन में हिस्सा ले रही है और बाहर निकल रही है। एक तरह से यह जनता की ओर से सरकार के खिलाफ नो कॉन्फिडेंस मोशन है।

तुषार गांधी की चेतावनी 

तुषार गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार और मौजूदा मोदी सरकार नहीं हट जाती, तब तक वह हर हफ्ते पूरे भारत में ऐसे ही आंदोलन करने का वादा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार धांधली पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि यह देश और यहां के नागरिक कभी भी लोकतंत्र की हिफाजत में कमजोर नहीं पड़े हैं।

सोनम वांगचुक को सलाह 

तुषार गांधी ने कहा कि यह आंदोलन पुलिस की आजादी के लिए भी लड़ा जा रहा है। सोनम वांगचुक को लेकर उन्होंने कहा, "मैं सोनम वांगचुक से यही कहूंगा कि बयानबाजी मत करिए, रास्तों पर उतरिए। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होंगी, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।"

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर शनिवार को जो हुआ और मुंबई में जो हुआ, उससे साफ दिखता है कि आम नागरिक अपनी मर्जी से सरकार के खिलाफ विरोध करने के लिए बाहर आ रहे हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए