हालात

बरोदा जीत पर भूपेंद्र हुड्डा ने किया जनता का धन्यवाद, कहा- बदलाव की ये लहर राज्य से होते हुए चंडीगढ़ तक जाएगी

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि साधारण किसान परिवार के इंदुराज नरवाल की जीत बहुत मायने रखती है। इससे लोगों में भरोसा जागा है कि साधारण परिवार के बच्चे भी राजनीति में आ सकते हैं और जीत सकते हैं। इंदुराज की ये जीत हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत करेगी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

हरियाणा के सोनीपत जिले की बरोदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली हार से बीजेपी को जहां भारी सदमा लगा है, वहीं कांग्रेस इस जीत से उत्साहित है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि बरोदा में कांग्रेस उम्मीदवार इंदुराज नरवाल उर्फ भालू की जीत बरोदा की 36 बिरादरी, पूरे हरियाणा, हर किसान, मजदूर, कर्मचारी और छोटे कारोबारी की अपनी जीत है।

हुड्डा ने आगे कहा कि बरोदा उपचुनाव के नतीजे से पता चल गया है कि जनता का बीजेपी-जेजेपी सरकार से मोहभंग हो चुका है और जनता ने इस चुनाव में इस गठबंधन सरकार के खिलाफ अविश्वास पारित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यहां से शुरू हुई बदलाव की लहर पूरे हरियाणा से होते हुए चंडीगढ़ तक जाएगी।

रोहतक में मीडिया से रूबरू भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री को बरोदा से चुनाव लड़ने का न्यौता दिया था। लेकिन तब मुख्यमंत्री ने खुद चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि यहां से बीजेपी का साधारण कार्यकर्ता भी चुनाव जीत जाएगा। इसलिए मुख्यमंत्री को अब बताना चाहिए कि किस पार्टी का साधारण कार्यकर्ता चुनाव जीता है?

भूपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि साधारण किसान परिवार के इंदुराज नरवाल की जीत प्रदेश की राजनीति में बहुत मायने रखती है। इससे लोगों में भरोसा जागा है कि साधारण परिवार के बच्चे भी राजनीति में आ सकते हैं और इतनी बड़ी जीत दर्ज़ कर सकते हैं। इंदुराज की ये जीत हरियाणा में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत करेगी।

हुड्डा ने कहा कि इस चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन ने वोट हासिल करने के लिए हरेक हथकंडा अपनाया। उसने सत्ता और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया। सरकार ने लोगों को अनैतिक प्रलोभन से लुभाने की कोशिश की। लेकिन जनता ने उसे इतने बड़े अंतर से हराकर सबक सिखाने का काम किया है। बरोदा की जनता ने बता दिया है कि अब हरियाणा के लोग किसी भी तरह के झांसे या जुमले में नहीं फंसने वाले। लोग जमीनी हकीकत और असली मुद्दों के आधार पर ही वोट करेंगे। जो भी सरकार उनके अधिकारों पर कुठाराघात करेगी, जनता उसे सबक सिखाने का काम करेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा समेत 17 राज्यों में वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण किया जाएगा, चुनाव आयोग का ऐलान

  • ,
  • पंजाब में 'युद्ध नशियां विरुद्ध' : मनसा में झोटा की हत्या के खिलाफ बंद रहा पूरा पंजाब, मान सरकार पर गंभीर सवाल

  • ,
  • खेल: सुनील गावस्कर ने भारत की हार के लिए इन्हें ठहराया जिम्मेदार और कुलदीप को टीम से बाहर करने पर अश्विन ने उठाए सवाल

  • ,
  • ड्रग्स मुद्दे पर घिरी मान सरकार, राहुल गांधी बोले- नशे के खिलाफ हमारी जंग रहेगी जारी, खत्म किए बिना चैन से नहीं बैठेंगे

  • ,
  • सिनेजीवन: राघव जुयाल का 12 साल पुराना सपना हुआ सच और माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने की शादी को हुए 27 साल