हालात

चुनावों में हो रही है ‘मैच फिक्सिंग’, कांग्रेस को प्रतिरोध जारी रखना चाहिए, राहुल गांधी का CWC में स्पष्ट संदेश

राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में मैच फिक्सिंग के दो रूप हैं, ईवीएम मैच फिक्सिंग और मतदाता सूची मैच फिक्सिंग, दोनों हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि 2024 का चुनाव ‘‘पूरी तरह फिक्स और रिग्ड’’ था।

चुनावों में हो रही है ‘मैच फिक्सिंग’, कांग्रेस को  प्रतिरोध जारी रखना चाहिए, राहुल गांधी का CWC में स्पष्ट संदेश
चुनावों में हो रही है ‘मैच फिक्सिंग’, कांग्रेस को प्रतिरोध जारी रखना चाहिए, राहुल गांधी का CWC में स्पष्ट संदेश फोटोः @INCIndia

आज चुनावों में दो तरह की ‘मैच फिक्सिंग’ हो रही है

ईवीएम और मतदाता सूची के जरिये मैच फिक्सिंग

2024 का चुनाव पूरी तरह फिक्स और रिग्ड था

कांग्रेस को प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में कहा कि देश में चुनावों में ईवीएम और मतदाता सूची से जुड़ी ‘‘मैच फिक्सिंग’’ हो रही है, जिसके खिलाफ पार्टी को संसद से लेकर सड़क तक विरोध के साथ-साथ प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग से जुड़े खुलासे अब सामने आ रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस ने इन मुद्दों को उठाया है।

कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को मजबूती से उठाया

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में कांग्रेस कार्य समिति की करीब ढाई घंटे चली बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे को मजबूती से उठाया है और हरियाणा, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में चुनावों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया, लेकिन शुरू में कई लोग इसे लेकर संदेह में थे। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब यह मुद्दा मीडिया और संपादकीयों में चर्चा का विषय बन गया है। इसलिए पिछले दो वर्षों में माहौल वास्तव में बदला है, मुख्य रूप से इसलिए क्योंकि तथ्यों पर आधारित प्रस्तुतियां की गईं।

चुनावों में दो तरह की मैच फिक्सिंग हो रही है

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि ‘‘मैच फिक्सिंग’’ दो तरह की है, एक ईवीएम से जुड़ी और दूसरी मतदाता सूचियों में जानबूझकर की जाने वाली छेड़छाड़ से संबंधित है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘इसलिए मैच फिक्सिंग के दो रूप हैं, ईवीएम मैच फिक्सिंग और मतदाता सूची मैच फिक्सिंग, दोनों हो रहे हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि 2024 का चुनाव ‘‘पूरी तरह फिक्स और रिग्ड (धांधली भरा)’’ था।

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने इसके बाद बनाए गए कानूनों, विशेष रूप से दिसंबर 2023 में बनाए गए उस कानून का जिक्र किया, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) और निर्वाचन आयुक्तों को कानूनी कार्रवाई से छूट दिए जाने का प्रावधान है, को ‘‘गैरकानूनी’’ बताया। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि कांग्रेस को सड़क से संसद तक विरोध और प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए।

इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस कार्यसमिति में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर प्रस्ताव पारित, SIR को तत्काल रद्द करने की भी मांग

एकमात्र रास्ता सड़क से संसद तक प्रतिरोध करना है

राहुल गांधी ने 1930 में लाहौर में हुए कांग्रेस अधिवेशन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय जब ब्रिटिश सरकार ने प्रांतीय स्वायत्तता देने से भी इनकार कर दिया था, तब कांग्रेस ने ‘‘पूर्ण स्वराज’’ के रास्ते पर चलने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार देश की जनता की आवाज सुनने या उसकी मांगों पर ध्यान देने से इनकार कर रही है और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले दलों के लिए आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता ‘‘प्रतिरोध’’ करना है।

कांग्रेस ने कार्यसमिति में प्रस्ताव पारित कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल हटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को निलंबित करने, मतदाता सूचियों से हटाए गए 13 करोड़ से अधिक नामों को बहाल करने और चुनावों में ‘‘मैच फिक्सिंग’’ के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की है।

इसे भी पढ़ेंः 'PM ने CEC ज्ञानेश कुमार पर दबाव डाला', खड़गे ने मोदी से मांगा इस्तीफा, चुनाव आयोग के सामने रखी पांच मांगे