हालात

TMC ने ममता बनर्जी पर घर के बाहर हमले का आरोप लगाया, चाकू के साथ महिला पकड़ी गई, हिरासत में ली गई

टीएमसी नेता डोला सेन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि महिला गाली-गलौज कर रही थी और नशे की हालत में ममता बनर्जी के पास हिंसक तरीके से पहुंचने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के पास चाकू था।

TMC ने ममता बनर्जी पर घर के बाहर हमले का आरोप लगाया, चाकू के साथ महिला पकड़ी गई, हिरासत में ली गई
TMC ने ममता बनर्जी पर घर के बाहर हमले का आरोप लगाया, चाकू के साथ महिला पकड़ी गई, हिरासत में ली गई फोटोः सोशल मीडिया

ममता बनर्जी पर कोलकाता में घर के पास हमले की कोशिश

नशे की हालत में चाकू के साथ पकड़ी गई आरोपी महिला

महिला को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

डोला सेन ने हमले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

टीएमसी ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर उनके घर के पास हमले की कोशिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक महिला ने अपशब्द कहते हुए ममता बनर्जी पर हमले की कोशिश की। हालांकि, ममता के साथ मौजूद समर्थकों ने महिला को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

चाकू लिए महिला ने ममता पर हमले की कोशिश की

इस संबंध में टीएमसी की सांसद डोला सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। टीएमसी की नेता डोला सेन ने शिकायत में आरोप लगाया कि यह घटना मंगलवार शाम करीब छह बजे हुई, जब ममता बनर्जी अपने इलाके में मिलन संघ पूजा पंडाल गई थीं।

डोला सेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

शिकायत में महिला का नाम दर्ज है और आरोप लगाया गया है कि इलाके में उसे एक नागरिक स्वयंसेवक और नशे की आदी महिला के रूप में जाना जाता है। सेन ने शिकायत में कहा, ‘‘वह गाली-गलौज कर रही थी और नशे की हालत में ममता बनर्जी के पास हिंसक तरीके से पहुंचने की कोशिश कर रही थी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि महिला के पास चाकू था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया और उनके पास पहुंचने की कोशिश करते हुए सड़क पर लेटकर हंगामा किया। सेन ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि हथियार लेकर कोई महिला जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त बनर्जी के आवास तक पहुंच सकती है।

डोला सेन ने साजिश की आशंका जताई

डोला सेन ने आशंका जताई कि यह घटना किसी साजिश का नतीजा हो सकती है। राज्यसभा की पूर्व सदस्य सेन ने पुलिस से शिकायत के साथ सौंपे गए तस्वीरों और वीडियो फुटेज की जांच करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने अधिकारियों से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 173 के तहत मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया। यह धारा संज्ञेय अपराधों के संबंध में पुलिस द्वारा सूचना दर्ज करने की प्रक्रिया से संबंधित है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हम महिला से पूछताछ कर रहे हैं और उसके इस व्यवहार के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं। हम घटना के वीडियो फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से भी बात की जाएगी।’’

साकेत गोखले ने घटना को चौंकाने वाला बताया

ममता बनर्जी की पार्टी के एक अन्य नेता साकेत गोखले ने इस घटना को ‘‘चौंकाने वाली खबर’’ बताते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘‘नशे की आदी एक महिला’’ ममता बनर्जी के आवास तक पहुंची और चाकू से उन पर हमला करने की कोशिश की। गोखले ने कहा, ‘‘बंगाल में यह कैसी स्थिति है कि जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त और तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। क्या यह भाजपा की सुनियोजित साजिश थी, क्योंकि दीदी दिल्ली में उन्हें खत्म करने के लिए दृढ़ हैं? शिकायत दर्ज कराई गई है। क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से इसकी अनुमति दी गई थी?’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए