हालात

TMC में बगावत पर पलटवार, कल्याण बनर्जी-कीर्ति आजाद ने बागी सांसदों को बताया 'गद्दार'

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने बागी सांसदों पर निशाना साधते हुए उन्हें गद्दार बताया। पार्टी ने बगावत के पीछे बीजेपी का हाथ होने का आरोप लगाया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बगावत की खबरों के बीच पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के खिलाफ चल रही गतिविधियों के पीछे भारतीय जनता पार्टी का हाथ है। टीएमसी ने बागी सांसदों को 'गद्दार' बताते हुए उन पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए पार्टी को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

Published: undefined

कीर्ति आजाद ने बागी सांसदों को दी खुली चुनौती

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कीर्ति आजाद ने कहा कि पार्टी के 29 सांसद 'मां, माटी और मानुष' के नाम पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं। उन्होंने बागी सांसदों से सवाल किया कि अगर उन्हें कोई परेशानी थी तो उन्होंने चुनाव से पहले या चुनाव के दौरान यह मुद्दा क्यों नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि सुखेंदु शेखर रॉय ने कम से कम राजनीतिक नैतिकता दिखाते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था। यदि अन्य बागी सांसदों में भी राजनीतिक नैतिकता है, तो उन्हें भी इस्तीफा देकर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहिए।

कीर्ति आजाद ने यह भी कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने मेहनत कर नेताओं को जिताया, उनके साथ बागी सांसदों को खड़ा होना चाहिए। उन्होंने बागी नेताओं द्वारा समर्थकों की संख्या को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि उनके पास पर्याप्त संख्या है तो उन्हें स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि आगे उनकी राजनीतिक दिशा क्या होगी।

Published: undefined

'बंगला, गाड़ी और सुरक्षा चाहिए, इसलिए कर रहे हैं बगावत'

टीएमसी के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि कुछ सांसद सत्ता के बिना नहीं रह सकते और उन्हें बंगला, गाड़ी तथा सुरक्षा जैसी सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के साथ मुख्यमंत्री, ईडी, सीबीआई और पूरे देश की ताकत हो सकती है, लेकिन उनके साथ 'मां, माटी, मानुष', पार्टी कार्यकर्ता और जनता खड़ी है।

कल्याण बनर्जी ने काकोली घोष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि काकोली घोष ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है, तो फिर वह पार्टी की चीफ व्हिप कैसे बनी रह सकती हैं। उनके अनुसार, काकोली घोष की गतिविधियां पार्टी विरोधी हैं और यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा बीजेपी नेताओं के इशारे पर हो रहा है।

Published: undefined

BJP पर लगाया बगावत को हवा देने का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीएमसी नेताओं ने बार-बार यह आरोप दोहराया कि पार्टी के भीतर असंतोष और बगावत को बीजेपी की ओर से बढ़ावा दिया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक टीएमसी के साथ मजबूती से खड़े हैं और बागी नेताओं की राजनीति को जनता समझ रही है।

टीएमसी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी नेतृत्व बगावत की खबरों को केवल अंदरूनी असहमति नहीं, बल्कि राजनीतिक साजिश के रूप में पेश कर रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस विवाद को लेकर आगे और बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined