हालात

कोलकाता में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

आग इतनी भीषण थी कि इमारत के एक कमरे में मौजूद पांच लोग फंस गए। सभी अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए। लेकिन वहां भी काले धुएं के कारण दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को झुलसी हुई हालत में निकाला।

कोलकाता में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
कोलकाता में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल फोटोः सोशल मीडिया

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तिलजाला इलाके में जीजे खान रोड पर एक बहुमंजिला इमारत में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Published: undefined

आग लगने की सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तापसिया के जीजे खान रोड स्थित 50/1 नंबर की चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लगी। आग तुरंत फैल गई और देखते ही देखते चारों ओर काला धुआं छा गया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही इस घटना को देखा, उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। चार दमकल गाड़ियां एक-एक करके मौके पर पहुंचीं।

Published: undefined

इस बीच, आग इतनी भीषण थी कि इमारत के एक कमरे में मौजूद पांच लोग फंस गए। सभी अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए। हालांकि, वहां भी काले धुएं के कारण दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई। दमकलकर्मियों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। बाद में, पांचों लोगों को झुलसी हुई हालत में निकाला गया और कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उनमें से दो को मृत घोषित कर दिया।

Published: undefined

दमकल विभाग के अनुसार, दो लोगों की मौत सांस लेने में गंभीर तकलीफ के कारण हुई। वहीं, बाकी तीन लोगों की हालत भी गंभीर है। आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। दमकल विभाग का शुरुआती अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी। पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। आग लगने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined