
एक सनसनीखेज घटना में मणिपुर के इंफाल में बीर टिकेंद्रजीत अंतर्राष्ट्रीय (बीटीआई) हवाईअड्डे के ऊपर रविवार को कथित तौर पर एक यूएफओ को मंडराते हुए देखा गया, जिससे हड़कंप मच गया। इसके चलते एयरपोर्ट पर विमानों का उड़ान संचालन तीन घंटे से अधिक समय तक निलंबित कर दिया गया।
भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण (एएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इकी पुष्टि करते हुए कहा कि इंफाल के बीटीआई हवाईअड्डे पर उड़ान संचालन रविवार दोपहर को 2.30 बजे से तीन घंटे बीस मिनट के लिए निलंबित कर दिया गया और "यूएफओ के बारे में गहन जांच" के बाद शाम को उड़ान संचालन हमेशा की तरह फिर से शुरू कर दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि इंफाल नियंत्रित हवाई क्षेत्र के भीतर यूएफओ देखे जाने के बाद दिल्ली और गुवाहाटी से दो उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया और अगरतला, गुवाहाटी और कोलकाता जाने वाली तीन उड़ानों में देरी हुई और सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद हवाई अड्डे से उड़ान संचालन फिर से शुरू हो गया।
कथित तौर पर यूएफओ को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों और एक निजी एयरलाइन के पायलट ने दोपहर करीब 2.20 बजे उड़ान भरने से पहले देखा था। वस्तु की पहचान और मकसद पर तत्काल कोई स्पष्टीकरण नहीं है, लेकिन सूत्रों ने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशक और भारतीय वायु सेना संयुक्त रूप से इस पर गौर कर रहे हैं।
मणिपुर, जो 3 मई से जातीय दंगे का गवाह बन रहा है, की नगालैंड, मिजोरम और असम के साथ एक अंतर-राज्यीय सीमा है, इसके अलावा म्यांमार के साथ लगभग 400 किमी लंबी बिना बाड़ वाली अंतर्राष्ट्रीय सीमा साझा करती है। मणिपुर सरकार ने राज्य की अस्थिर स्थिति को देखते हुए शनिवार को मोबाइल इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध को अगले पांच दिनों के लिए 23 नवंबर तक बढ़ा दिया है। इस साल 3 मई को मणिपुर में गैर-आदिवासी मैतेई और आदिवासी कुकी-ज़ो समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़कने के बाद मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट पर पहली बार प्रतिबंध लगाया गया था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए