हालात

यूपी में जज के ऊपर जानलेवा हमला! ADJ मोहम्मद अहमद खान की कार को तेज रफ्तार इनोवा ने मारी टक्कर, ADJ और गनर घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) मोहम्मद अहमद खान कौशांबी जिले में एक तेज रफ्तार वाहन के उनकी कार से टकरा जाने से घायल हो गए।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) मोहम्मद अहमद खान कौशांबी जिले में एक तेज रफ्तार वाहन के उनकी कार से टकरा जाने से घायल हो गए। हादसा गुरुवार रात उस वक्त हुआ जब एडीजे प्रयागराज से फतेहपुर लौट रहे थे। हादसे में खान के अलावा उनका गनर भी घायल हो गया। एडीजे ने आरोप लगाया कि उनकी हत्या के इरादे से कार को टक्कर मारी गई।

खान फतेहपुर में पोक्सो कोर्ट में विशेष न्यायाधीश के पद पर तैनात हैं। वह गुरुवार को किसी निजी काम से प्रयागराज गए थे। वहां से शाम को वह फतेहपुर लौट रहे थे। वह अभी कोखराज के चकवां चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि उनकी कार को तेज रफ्तार इनोवा ने टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी चालक को वाहन समेत पकड़ लिया गया।
एडीजे ने कोखराज पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी कार को तेज रफ्तार इनोवा ने जान से मारने के इरादे से टक्कर मार दी। कोखराज निरीक्षक ज्ञान सिंह यादव ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच जारी है।

एडीजे ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिली थीं। बरेली में पोस्टिंग के दौरान दिसंबर 2020 में किसी अपराधी की जमानत खारिज करने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई थी। अपराधी कौशांबी का रहने वाला था।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 30 Jul 2021, 2:42 PM IST