
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में सरकारी कार्यक्रम के दौरान सांसद जगदम्बिका पाल और विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए।
विवाद मंच से विधायक का नाम लेने और नारेबाजी को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनका कुर्ता फट गया और उन्हें हल्की चोटें आईं।
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें मंच पर धक्का-मुक्की और पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करते देखा जा सकता है।
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक सरकारी कार्यक्रम उस समय विवाद का केंद्र बन गया, जब मंच से विधायक का नाम लेने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। डुमरियागंज से सांसद जगदम्बिका पाल और शोहरतगढ़ से विधायक विनय वर्मा के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कुछ लोग मंच पर चढ़ गए और वहां मौजूद विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी के साथ हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंच पर हंगामा और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
दरअसल, बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को उच्चीकृत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बनाने की परियोजना का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस परियोजना पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 19 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। कार्यक्रम में सांसद जगदम्बिका पाल पहले पहुंच गए थे। इस दौरान मंच से स्थानीय विधायक विनय वर्मा के समर्थन में 'विकास पुरुष विनय वर्मा जिंदाबाद' के नारे लगाए जा रहे थे।
इसी बीच सांसद जगदम्बिका पाल के समर्थक भी नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि सांसद के साथ आए कुछ लोग मंच से उद्घोषक जुग्गी राम राही को विधायक विनय वर्मा का नाम लेने से रोकने लगे। विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने इसका विरोध किया और कहा कि विधायक ने इस परियोजना के लिए प्रयास किए हैं, इसलिए मंच से उनका नाम लिया जाना चाहिए।
प्रदीप कमलापुरी के मुताबिक, इसी बात को लेकर कुछ लोग नाराज हो गए और मंच पर चढ़कर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक कई लोगों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें हल्की चोटें आईं और उनका कुर्ता भी फट गया। कमलापुरी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें मंच से नीचे उतरने पर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के उद्घोषक जुग्गी राम राही ने भी उन्हें बताया था कि कुछ लोग विधायक विनय वर्मा का नाम न लेने के लिए दबाव बना रहे थे। कमलापुरी के अनुसार, जब अनिल अग्रहरि ने उद्घोषक के साथ अभद्रता की तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद ही विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि मारपीट में शामिल लोग तुलसियापुर के रहने वाले थे और सांसद जगदम्बिका पाल के साथ आए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपियों की राजनीतिक संबद्धता की जांच होनी चाहिए।
प्रदीप कमलापुरी ने पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में मारपीट होने पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उनके साथ हाथापाई होती रही। घटना के सामने आए वीडियो में मंच पर लोगों को एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। इस दौरान पुलिसकर्मी बीच-बचाव कर लोगों को अलग करने और स्थिति संभालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं, आसपास मौजूद लोग अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।
विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि बाद में जब शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा मंच से अपनी बात रख रहे थे, तब भी मंच के नीचे सांसद के साथ आए लोगों और विधायक के बीच बहस जारी रही। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और एक-दूसरे के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान 'दलाल' जैसे शब्द भी सुनाई दिए। इस घटना ने सरकारी परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को राजनीतिक विवाद में बदल दिया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए