हालात

दिल्ली: महागठबंधन को मजबूत करने में कांग्रेस को मिली एक और कामयाबी, कुनबे में शामिल हुए उपेंद्र कुशवाहा

महागठबंधन में शामिल होने के बाद आरएलएसपी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में मीडिया से बात की। उन्होंने ऐलान किया कि अब से उनकी पार्टी यूपीए का हिस्सा रहेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए में मेरा अपमान हो रहा था।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन महागठबंंधन में शामिल हुए आरएलएसपी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा

महागठबंधन को मजबूत करने में कांग्रेस को एक और कामयाबी मिली है। आरएलएसपी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा महागठबंधन में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहम पटेल ने उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में उपेंद्र कुशवाहा का स्वागत है। इस मौके पर लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव, अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मौजूद थे।

महागठबंधन में शामिल होने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बात की। उन्होंने ऐलान किया कि अब से उनकी पार्टी यूपीए का हिस्सा रहेगी। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी यूपीए का हिस्सा हो रही है। मैं यहां बिहार की जनता के कहने पर आया हूं।” कुशवाहा ने कहा कि एनडीए में मेरा अपमान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि हमने एनडीए को त्याग दिया।”

कुशवाहा ने इस मौके पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों को अब पढ़ाई, दवाई और कमाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, ऐसे मोदी जी ने कहा था। लेकिन राज्य के नौजवान अभी भी बाहर जा रहे हैं। मैंने सरकार में रहते हुए भी सवाल उठाए थे। नीतीश कुमार ने जैसे कसम खा लिया था कि कुशवाहा को बर्बाद करना है। उन्हें दिल्ली से समर्थन मिला है।”

आरएलएसपी अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी किसनों के पक्ष में अभियान चला रहे हैं। 2 फरवरी को पटना में आक्रोश दिवस मनाएंगे।

प्रेस से बात करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, “यह विचारधारा से जुड़ा हुआ गठबंधन है। सीट बंटवारे में कोई दिक्कत नहीं होगी। सही वक्त पर सही फैसला लिया जाएगा।”

शरद यादव ने कहा कि मुझे ज्यादा कुछ नहीं कहना है आज महागठबंधन में शामलि होना है। लालू जी का आर्शीवाद भी इस गठबंधन को है। इस मौके पर मौजूद बिहार के उप-मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “महागठबंधन में शामिल होने के लिए मैं उपेंद्र कुशवाहा जी को धन्यावाद देता हूं। यह जनता के दिलों का गठबंधन है। इसके जरिए हम देश और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह उनके खिलाफ लड़ाई है, जिन्होंने जनता को गुमराह किया है।”

प्रेस से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “देश में अघोषित आपातकाल है। मोदी जी ने न सिर्फ देश के साथ बल्कि अपने गठबंधन के साथियों के साथ भी गलत व्यवहार किया है। नीतीश जी ने बिहार में जनादेश का दुष्कर्म किया है। मोदी जी ने बिहार को ठगा है। बिहार जैसे पीछे रहने वाले राज्य को आगे बढ़ाना है। हम लोग बिहार को ऐसा विकल्प देना चाहते है, जो वादा कम ही करे, लेकिन उसे पूरा करे। हम लोग देश के संविधान को बचाने के लिए साथ आए हैं। जनता ने मूड बना लिया है कि मोदी जी को जवाब देना है। राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन बनाना हमारा लक्ष्य है।”

Published: 20 Dec 2018, 5:32 PM IST

जीतन राम माझी ने भी प्रेस से बात की। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को धन्यवाद कहा। माझी ने कहा, “महागठबंधन को उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेता की जरूरत है। मोदी की गलतियों को ठीक करना है। आगे भी राहुल गांधी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ेगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनाएंगे।”

Published: 20 Dec 2018, 5:32 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 20 Dec 2018, 5:32 PM IST