हालात

रिहाई के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान ने कहा, संविधान कैद है, हमें उसकी आजादी के लिए लड़ना होगा

जेल से रिहाई के बाद आजम खान ने कहा है कि देश में संविधान को कैद कर लिया गया है और हमें इसकी आजादी के लिए लड़ना होगा। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर उनका कहना था कि इस बार का चुनाव इंकलाब होगा।

जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे सपा नेता आजम खान
जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे सपा नेता आजम खान 

मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा होकर बुधवार को जेल से बाहर आने के बाद रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव कोई चुनाव नहीं बल्कि 'इंकलाब' होगा। गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान का बड़ी संख्या में पहुंचे उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में आजम खान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत मिलने पर रिहा किये जाने से उनका इस बात पर यकीन मजबूत हो गया है कि देश आजाद है। उन्होंने कहा, ''लेकिन संविधान कैद है। हम सब को मिलकर संविधान की आजादी की मांग करना चाहिए।'' उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे गये सवाल पर खान ने कहा, ''इस बार चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।''

उन्होंने कहा, ''अब लोग धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे। मुद्दों पर लड़ाई होगी और हम जैसे लोग संविधान के लिए और विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, तैयार हैं और तैयार रहेंगे।''

आजम खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर मुर्गी चोरी करने वाला, बकरी और भैंस चोरी करने वाला शख्स प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोपी हो सकता है और वह विश्वविद्यालय बनाता है तो उनकी अल्लाह से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वह विश्वविद्यालय बना सके। उन्होंने कहा, ''जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी साख कितनी गिर गई है और हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट उनके बारे में क्या राय रख रहे हैं और क्या व्यवस्थाएं पारित हो रही हैं...उन्हें थोड़ा सा अपना स्तर बचा के रखना चाहिए।''

उन्होंने कहा कि, अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के जमाने में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो यह दोनों भी जेल में होते।

बता दें कि आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया।

खान को ईडी ने उनके मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के फौरन बाद उन्हें गाजियाबाद की पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

आजम खान की रिहाई पर घमासान

इस बीच आजम खान को डासना जेल से रिहा किए जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। उनकी रिहाई पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के विधायकों ने न्यायपालिका के फैसले का स्वागत किया। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी नेता नाजिया इलाही खान ने आजम खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा। योगी सरकार में मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि अदालत ने कानून के दायरे में फैसला लिया है। वहीं, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आजम खान की रिहाई को देश में न्यायपालिका और लोकतंत्र की मजबूती से जोड़कर देखा।

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि आजम खान को न्यायपालिका से न्याय मिला है। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि आगे भी उन्हें न्याय मिलेगा और उनके खिलाफ दर्ज सभी झूठे मुकदमे समाप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आजम खान को न्याय मिलने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहनी चाहिए। अखिलेश यादव ने उनकी रिहाई को न्यायिक प्रक्रिया से जोड़ते हुए भविष्य में बाकी मामलों में भी राहत मिलने की उम्मीद व्यक्त की।

उधर लखनऊ में योगी सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने आजम खान की रिहाई के संबंध में कहा कि यह फैसला अदालत ने किया है। उन्होंने न्यायपालिका को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि अदालत ने जो भी निर्णय लिया है, वह कानून के दायरे में रहकर लिया है।

रामपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक नवाब जान खान ने आजम खान की रिहाई पर ईडी की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2019 के मामले में वर्ष 2026 में वारंट लेकर गिरफ्तारी क्यों की गई। यदि आजम खान को गिरफ्तार करना था तो जब वह पहले से जेल में थे, उसी समय वारंट तामील कराया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी रूप में जुल्म और ज्यादती की जा सकती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए