
वीएचपी की धर्मसभा में भैया जी जोशी ने कहा, “सत्ता में बैठे लोगों का संकल्प भी राम मंदिर निर्माण का है। उन्हें इस संकल्प के लिए आगे बढ़ना चाहिए। लोकतंत्र में संसद का अपना अधिकार और कर्तव्य है। आशा है सत्ता में बैठे लोग सकारात्मक दिशा में कदम उठाएंगे।”
वीएचपी की धर्मसभा में आरएसएस के सरकार्यवाहक भैया जी जोशी ने कहा, “हम चाहते हैं जो भी हो शांति से हो, संघर्ष करना होता तो इंतजार नहीं करते। इसलिए सभी लोग इसमें सकारात्मक पहल करें। हमारा किसी के साथ संघर्ष नहीं, राम राज्य में ही शांति आती है।”
भैया जी जोशी ने कहा, “न्यायालय की प्रतिष्ठा बनी रहनी चाहिए। जिस देश में न्यायालय में विश्वास घटता है उसका उत्थान होना असंभव है। इसलिए न्यायालय को भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। देश पर हमला करने वालों के निशान मिटने चाहिए।”
दिल्ली के रामलीला मैदान में राम मंदिर निमार्ण की मांग को लेकर धर्मसभा जारी है। इस दौरान वीएचपी ने शीतकालीन सत्र में राम मंदिर निर्माण के लिए सरकार से कानून बनाने की मांग की है।
वीएचपी द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित धर्मसभा से निर्मोही और निर्वाणी अखाड़ा ने किनारा कर लिया है। इससे पहले 25 नवंबर को अयोध्या के धर्मसभा में भी निर्मोही अखाड़ा शामिल नहीं हुआ था। निर्वाणी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत धर्मदास ने कुछ दिन पहले राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर खुदकुशी की चेतावनी दी थी।
रामलीला मैदान में विएचपी की धर्मसभा को देखते हुए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 15 हजार जवानों को तैनात किया गया है। पूरे शहर में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रामलीला मैदान में आयोजित धर्मसभा में वीएचपी ने करीब 5 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। दावे के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर से 10 हजार बसें राजघाट, झंडेवालान, लालकिला, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, इंडिया गेट पर खड़ी होंगीं, जहां से लोग पैदल ही रामलीला मैदान की ओर कूच कर रहे हैं। धर्मसभा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।
दिल्ली के रामलीला मैदान में वीएचपी की धर्मसभा शुरू हो गई है। विश्व हिंदू परिषद की लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश जारी है। इसी के तहत रामलीला मैदान में वीएचपी की ओर से धर्मसभा का आयोजन किया जा रहा है। धर्मसभा में बड़ी संख्या में वीएचपी के कार्यकर्ता जमा हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Dec 2018, 11:47 AM IST