
राहुल गांधी ने कल सुप्रीम कोर्ट मार्च का ऐलान किया
सभी लोग एक भारतीय के तौर पर सुप्रीम कोर्ट मार्च करेंगे
वोट चोरी के खिलाफ प्रधान न्यायाधीश को मेमोरेंडम देंगे
मोदी, शाह, भागवत भारत की आवाज को दबा नहीं सकते
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को ऐलान किया कि विपक्षी दल, युवा, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोग सोमवार, 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मार्च के जरिए मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर कथित वोट चोरी रोकने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
इसे भी पढ़ेंः विरोध के सिवा जनता के पास रास्ता ही क्या बचा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि रविवार को दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे युवाओं के दिलों में नफरत या गुस्सा नहीं, बल्कि मोहब्बत थी। प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ पुलिस और बीजेपी के लोगों ने मारपीट की। राहुल गांधी ने कहा, "ऐसा भारत हम नहीं चाहते।"
उन्होंने सोमवार को होने वाले मार्च में सभी लोगों से शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि कल हम सभी लोग पार्टी, महिला-पुरुष, जाति, समुदाय और राज्य की दीवारों से ऊपर उठकर एक भारतीय के तौर पर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के युवा, तमाम विपक्षी दल, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी लोग इस मार्च में शामिल होंगे।
इसे भी पढ़ेंः वोट चोरी के खिलाफ अब चीफ जस्टिस से मिलेंगे राहुल गांधी और खड़गे, सोमवार को मिलने का समय मांगा
राहुल गांधी ने कहा कि हम देश की तरफ से भारत के प्रधान न्यायाधीश को एक मेमोरेंडम देंगे, जिसमें वोट चोरी खत्म करने, एसआईआर को रोकने और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान के साथ खड़े सभी लोग इस पहल का हिस्सा बनेंगे।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए कहा कि ये लोग भारत की आवाज को दबा नहीं सकते। उन्होंने कहा कि ये कायर लोग हमें डरा नहीं सकते हैं और इन्हें पीछे हटना ही होगा।
इसे भी पढ़ेंः 'भगवा गमछा' पहने गुंडों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर हमले को अनदेखा करती रही दिल्ली पुलिस!
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सभी लोग मोहब्बत, भाईचारे और देशभक्ति की भावना के साथ एक साथ मार्च करेंगे। राहुल गांधी ने अपने संदेश में युवाओं का आह्वान करते हुए 'डरो मत' का नारा भी दिया और कहा कि सोमवार को पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा। हम सब साथ चलेंगे।
सुप्रीम कोर्ट तक इस मार्च के जरिए विपक्ष ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां उठाने का संकेत दिया है। राहुल गांधी की ओर से घोषित कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपना प्रमुख एजेंडा है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज कहा कि उन्होंने चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर सोमवार शाम को 4 से 5 बजे के बीच मिलने का समय मांगा है।
ये भी पढ़ें : सत्ता की तानाशाही के खिलाफ गूंज उठी है रणभेरी, अब अंत ज्यादा दूर नहीं
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए