हालात

असम की 126 सीटों पर कल मतदान, बीजेपी की नजर हैट्रिक पर, कांग्रेस सत्ता में वापसी की दावेदार

चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें सीएम हिमंत विश्व शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और एजेपी अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं।

असम की 126 सीटों पर कल मतदान, बीजेपी की नजर हैट्रिक पर, कांग्रेस सत्ता में वापसी की दावेदार
असम की 126 सीटों पर कल मतदान, बीजेपी की नजर हैट्रिक पर, कांग्रेस सत्ता में वापसी की दावेदार फोटोः सोशल मीडिया

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए गुरुवार को मतदान होगा। इस चुनाव में अधिकतर सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। बीजेपी इस चुनाव में राज्य में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश में जुटी है, जबकि कांग्रेस दस साल बाद एक बार फिर राज्य की सत्ता में वापसी करने की प्रबल दावेदार दिख रही है।

चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार

असम के चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं।

Published: undefined

2.50 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला

गुरुवार, 9 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, 35 जिलों के 31,490 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इस चुनाव में कुल 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।

कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि बीजेपी 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि एनडीए की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं।

Published: undefined

कांग्रेस ने सबसे अधिक 14 महिलाओं को टिकट दिया

विपक्षी खेमे में राइजोर दल 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, माकपा तीन सीटों पर और एपीएचएलसी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य दलों में आप 18 सीटों पर, यूपीपीएल (18), तृणमूल कांग्रेस (22), जेएमएम 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

अलगापुर-कटलीचेरा और करीमगंज दक्षिण में सबसे अधिक 15-15 उम्मीदवार हैं, जबकि रंगिया, जागीरोड (अनुसूचित जाति), होजई, नादुआर, जोनाई (अनुसूचित जनजाति), डूमडूमा, महमोरा, तेओक और लखीपुर सीटों पर केवल दो-दो उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं, जिनमें कांग्रेस ने सबसे अधिक 14 महिलाओं को टिकट दिया है। बीजेपी ने सात महिलाओं को टिकट दिया है। अन्य दलों में महिलाओं को बहुत कम प्रतिनिधित्व मिला है, और कोई भी उम्मीदवार तृतीय लिंग से नहीं है।

Published: undefined

इन दिग्गजों की साख दांव पर

प्रमुख मुकाबलों में जालुकबाड़ी सीट शामिल है, जहां मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा लगातार छठी बार जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस ने बिदिशा नियोग को मैदान में उतारा है। जोरहाट में कांग्रेस के गौरव गोगोई बीजेपी के हितेंद्रनाथ गोस्वामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

नाजिरा में देबब्रत सैकिया बीजेपी के मयूर बोर्गोहैन के खिलाफ अपनी पारिवारिक सीट बचाने का प्रयास कर रहे हैं। बोडोलैंड क्षेत्र की तमुलपुर सीट पर दैमारी और यूपीपीएल प्रमुख प्रमोद बोरो के बीच सीधा मुकाबला है। एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल बिन्नाकांडी सीट से एजीपी के शाहाबुद्दीन मजूमदार और एजेपी के रेजाउल करीम चौधरी के खिलाफ मैदान में हैं।

Published: undefined

क्षेत्रीय दलों के कई दिग्गज भी मैदान में

शिबसागर में अखिल गोगोई, बीजेपी के जयंत हजारिका और एजीपी के प्रदीप हजारिका के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। खोवांग में एजेपी के लुरिंज्योति गोगोई बीजेपी के चक्रधर गोगोई के खिलाफ सीधे मुकाबले में हैं, जबकि बोकाखाट में एजीपी अध्यक्ष और मंत्री अतुल बोरा राइजोर दल के हरि प्रसाद सैकिया और पूर्व निर्दलीय विधायक जितेन गोगोई के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मंत्री केशव महंत का कलियाबोर सीट पर राइजोर दल के प्रदीप कुमार बरुआ से मुकाबला है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वास्तविक समय पर निगरानी के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है। मतदाताओं में 6.42 लाख पहली बार मतदान करने वाले, 80 वर्ष से अधिक आयु के 2.50 लाख मतदाता (जिनमें 2,466 शतायु शामिल हैं) और 2.05 लाख दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined