हालात

'हमें गिरफ्तार किया जा सकता है', कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास का दावा, सरकार को दी खुली चेतावनी

सौरव दास ने कहा कि सरकार यदि यह मानती है कि गिरफ्तारी जैसे कदमों से विरोध को खत्म किया जा सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है।

फोटोः @Cockroachisback
फोटोः @Cockroachisback 

  • CJP नेता सौरव दास ने दावा किया कि सरकार अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह समेत पार्टी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है।

  • दास ने कहा कि युवा किसी भी कथित तानाशाही कदम को बर्दाश्त नहीं करेंगे और देशभर में विरोध जारी रहना चाहिए।

  • दीपके ने गिरफ्तारी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि 10 अक्टूबर को पूरा देश आंदोलन के लिए सामने आएगा।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने दावा किया है कि सरकार पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह समेत CJP के कई नेताओं को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, दास ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कथित तानाशाही कदमों से आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सौरव दास ने कहा कि सरकार यदि यह मानती है कि गिरफ्तारी जैसे कदमों से विरोध को खत्म किया जा सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील की।

दास ने कहा कि CJP के नेता जेल जाने या इससे भी गंभीर परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन सरकार का ऐसा कदम बड़ी राजनीतिक भूल साबित हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि युवा वर्ग इसे स्वीकार नहीं करेगा और विरोध प्रदर्शन जारी रहना चाहिए।

उन्होंने लोगों से 10 अक्टूबर से प्रस्तावित बड़े जन आंदोलन को सफल बनाने की अपील भी की।

अभिजीत दीपके ने अमित शाह पर साधा निशाना

सौरव दास की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए CJP नेता अभिजीत दीपके ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, “कितने लोगों को गिरफ्तार करोगे? अमितशाह? 10 अक्टूबर को पूरा देश आ रहा है…”

MPSC छात्रों के आंदोलन को CJP का समर्थन

इस बीच, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अभिजीत दीपके पुणे पहुंचे। छात्रों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि पेपर लीक की लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक के मामलों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि CJP छात्रों की मांगों के साथ खड़ी है और MPSC के चेयरमैन के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का समर्थन करती है।

ज्ञानेश कुमार को लेकर भी उठाए सवाल

अभिजीत दीपके ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित नहीं होते, तब तक ऐसे चुनावों में हिस्सा लेने का कोई औचित्य नहीं है।

दीपके ने आरोप लगाया कि भाजपा उन राज्यों में भी चुनावी सफलता हासिल कर रही है, जहां कथित ‘मोदी लहर’ के चरम के दौरान भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। उन्होंने इसके लिए ज्ञानेश कुमार को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के पद से हटने और चुनाव प्रक्रिया के निष्पक्ष एवं स्थिर होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भाजपा वास्तव में कितनी सीटों पर जीत हासिल करती है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए