
देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे के लिए उत्तर भारत, पूर्वी भारत और कुछ दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और असम समेत 15 राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि पांच राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है। इसी वजह से बड़े क्षेत्र में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों को घने जंगलों और पेड़ों वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज आंधी के दौरान बड़े वृक्ष जड़ से उखड़ सकते हैं। किसानों और मछुआरों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
Published: undefined
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, ज्योतिबा फुले नगर, बुलंदशहर, रामपुर, सीतापुर, बहराइच, हमीरपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और बड़े ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। यहां हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में पटना, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में मध्यम से भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Published: undefined
झारखंड के रांची, पलामू, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, दुमका, साहेबगंज, हजारीबाग और जमशेदपुर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। यहां हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में बारिश, आंधी और ओलों का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन, शिमला, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी है। मनाली में अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, अनंतनाग, कठुआ, राजौरी, पुंछ, मिरपुर, कुपवाड़ा और जम्मू में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Published: undefined
पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, सासनगर, फिरोजपुर, अमृतसर, कपूरथला, संगरूर, पटियाला और लुधियाना में मूसलाधार बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान के हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनूं, अलवर, उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, धौलपुर, सीकर और जैसलमेर में तेज बारिश और धूलभरी आंधी का अलर्ट है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, धार, उज्जैन, झाबुआ, रतलाम, विदिशा, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर और मुरैना में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। खासकर पहाड़ी राज्यों में यात्रा की योजना बना रहे लोगों को मौसम अपडेट देखने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined