
मौसम विभाग ने देश के 13 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण गुजरात से मध्य केरल तक फैली लो-प्रेशर ट्रफ इलाके में नमी बढ़ा रही है। इससे बादल तेजी से बन रहे हैं और तमिलनाडु के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर में जाने वाले मछुआरों के लिए भी समुद्री मौसम की चेतावनी जारी की है। 10 से 12 जुलाई के बीच समुद्र में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान में कई जगह भारी बारिश हुई है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। हालांकि 11 जुलाई से राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में करीब एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना जताई गई है। केरल में भारी बारिश को देखते हुए मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में 10 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 जुलाई को भी दिल्ली-NCR में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 जुलाई को तापमान 37/27 डिग्री, 13 जुलाई को 37/28 डिग्री और 14 जुलाई को 37/29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन तीनों दिनों में आम तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
उत्तर प्रदेश में 10 से 13 जुलाई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का सिस्टम और उससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मानसून को मजबूत कर रहा है। इसके अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की उम्मीद है। इसका असर पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश के रूप में दिखाई दे सकता है।
बिहार में 10 जुलाई को भारी बारिश के साथ तूफान का अलर्ट है। पटना, किशनगंज, गया, कटिहार, सारण, भागलपुर, भोजपुर, सहरसा, वैशाली, सुपौल, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, बक्सर, पश्चिमी चंपारण और मुजफ्फरपुर में मौसम खराब रहने का अनुमान है। पटना में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में 10 से 13 जुलाई के बीच बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी, टिहरी और देहरादून में रेड अलर्ट है। इन इलाकों में अत्यधिक बारिश के साथ जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है। बागेश्वर, पौड़ी और देहरादून समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी रहेगा।
अगले 24 घंटों में पूरे उत्तराखंड में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई इलाकों में कम समय में अत्यधिक बारिश होने की भी आशंका है। राज्य में अगले पांच से छह दिनों तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। 10 से 13 जुलाई तक कई जिलों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 10 जुलाई को शिमला, कांगड़ा, जोट, मनाली, मलौण, सराहन, पोंटा साहिब, गुलेर, जटोन बैराज, धौला कुआं, रोहरू, सांगला, कल्पा, कुकुमसेरी, रेकोंगपिओ, सुंदरनगर और बिलासपुर में आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शिमला मौसम विभाग ने राज्य में कुछ जगहों पर 15 जुलाई तक भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान नीलगिरि पहले से ही भूस्खलन और बारिश से जुड़ी घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है। इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पश्चिमी घाट से जुड़े अन्य जिलों में भी मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्रशासन ने खासकर उन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है, जहां भूस्खलन, पेड़ गिरने और जलभराव का खतरा ज्यादा रहता है। चेन्नई में पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। बादलों के कारण दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन हवा में नमी ज्यादा बनी रहेगी।
केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। इसे देखते हुए आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड़ में येलो अलर्ट है।
दक्षिण भारत में सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून और दक्षिण गुजरात से मध्य केरल तक बनी लो-प्रेशर ट्रफ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल तमिलनाडु और केरल के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना रहने की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए